घटनास्थल पर कोरियर कर्मी से जानकारी लेते पुलिसकर्मी।
- फोटो : Sirsa
गांव बीरूवाला के निकट शुक्रवार को बाइक सवार कोरियर सर्विस कर्मी से 70 हजार की नकदी व पार्सल लूटकर ले गए। सूचना मिलने के बाद बड़ागुढा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जिलेभर में वीटी करवाते हुए लुटेरों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। एएसआई मदन लाल ने बताया कि कोरियर सर्विस कर्मचारी की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक ओढां स्थित एक्सप्रेस डीवीएस कोरियर सर्विस कंपनी में कार्य करने वाला ममेरां कलां निवासी विनोद कुमार शुक्रवार को दोहपर बाद करीब तीन बजे बाइक पर पार्सल सर्विस के लिए निकला था। इसी दौरान गांव बीरूवाला गुढ़ा में झीड़ी रोड पर उसके साथ लूटपाट हो गई। सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जिलेभर में वीटी करवाई। इसी दौरान प्लेटिना मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश युवकों ने उसे रुकवा लिया। आरोप है कि युवकों ने उससे नकदी, पार्सल व उसका मोबाइल छीन लिया और फरार हो गए। पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में पीड़ित ने 70 हजार की नकदी व पार्सल लूटने की बात कही। जांच में सामने आया कि सर्विस कर्मी के पास 56 पार्सल थे, जिनमें से उसने 16 पार्सलों की सर्विस दी थी। इस हिसाब से सर्विस कर्मी के पास 8731 रुपये बनते हैं। पुलिस ने जब गणित लगाया तो सर्विस कर्मी अपने ही बयान बदलता नजर आया। पुलिस इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।