गांव नटार में सीवरेज लाइन में गिरे किसान संदीप उर्फ काला का छठे दिन भी कोई पता नहीं लग सका। वहीं किसान का सुराग लगाने के लिए अब जनस्वास्थ्य विभाग ने केरल से रोबोट मशीन मंगवाई है। हालांकि इसे बाद में आना था, लेकिन नटार गांव में हुए हादसे के बाद इसे जल्दी मंगवाया गया। सोमवार को सिरसा के नटार गांव में मशीन पहुंच गई। हालांकि सोमवार शाम सात बजे तक इसे चालू नहीं किया जा सका।
जनस्वास्थ्य विभाग व एनडीआरएफ का रेस्क्यूू ऑपरेशन छठे दिन भी जारी रहा। सोमवार को छठे दिन भी सीवरेज मैनहोल में गिरे संदीप का शाम तक कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार को उसकी खोज के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने नए लोहे के जाल बनाए, ताकि उसे किसी प्रकार से निकाला जा सके। जनस्वास्थ्य विभाग ने 45 लाख रुपये की राशि खर्च कर यह रोबोट मशीन केरल से मंगवाई है। यह वाटर प्रूफ कैमरों से युक्त रोबोट मशीन है, जो कि अंदर दाखिल करके सफाई करती है। साथ ही अंदर से फोटो भेजती है। इसका एक कैमरे की लंबी वायर करके उसे सीवरेज में अंदर डाला जाएगा। तहसीलदार श्रीनिवास ने बताया कि पहली बार किसी रेस्क्यू ऑपरेशन में रोबोटिक मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। यह रोबोटिक मशीन जमीन के नीचे बिछाई गई सीवर पाइप लाइन के ऊपर ही रखी जाएगी। यह दस फुट तक सफाई कर सकती है। इस रोबोटिक मशीन पर कैमरे लगे हैं, जिनकी मदद से सर्च ऑपरेशन में मदद मिलेगी। रोबोट मशीन मैनहोल में गाद निकालने के काम में इस्तेमाल की जाती है। लेकिन अब रेस्क्यू ऑपरेशन में काम लाने के लिए यह मशीन अभी मंगवा ली गई है। इस मशीन में जेसीबी की तरह आगे बक्कट बना हुआ है, जो मैनहोल के अंदर जाकर मलबा निकालता है। लेकिन मशीन के कैमरे को लंबी वायर लगाकर उसे सीवरेज में डालकर अंदर से फोटो लिए जाएंगे। यह एक तरह का ट्रायल ही है।
खेतों को पानी लगाते हुए सीवरेज में गिरा था संदीप
बुधवार रात को साढ़े सात बजे खेत में पानी लगाते वक्त किसान संदीप उर्फ काला सीवर लाइन में गिर गया था। उसे बचाने के प्रयास में उसका साथी पूर्णचंद भी मैनहोल में जा गिरा। पूर्णचंद को कुछ देर बाद निकाल लिया गया और उसे हिसार के एक अस्पताल में दाखिल करवाया गया, लेकिन शुक्रवार को उसकी मौत हो गई थी।
नए जाल बनाए, मैनहोल निर्माण शुरू
अब टीम की ओर से लोहे का एक सघन जाल तैयार किया गया है, जिसकी बनावट ऐसी है कि सीवरेज लाइन में उतारने पर कोई भी चीज उसमें फंस या अटक जाए। इसके अलावा अब जिन मैनहोल में गाद निकालने के बाद टीम सर्च कर चुकी है, उनका निर्माण कार्य भी प्रशासन ने शुरू करवा दिया है। प्रशासन ने ग्रामीणों की एक 11 सदस्यीय कमेटी का गठन किया था। प्रशासन ने घटनास्थल पर काम करने वाले मजदूरों व कमेटी सदस्यों को पास जारी किए थे ताकि ग्रामीण घटनास्थल पर आकर राहत कार्य को प्रभावित न करें।
कोट्स
केरल से एक खास रोबोट मशीन मंगवाई है। इसमें खास किस्म के कैमरे लगे हैं। इस मशीन को इंस्टाल किया जा रहा है। यह एक ट्रायल है, उम्मीद है सफल रहेगा। उन्होंने बताया कि हम एक और एक्सपेरीमेंट भी कर रहे हैं। इस मशीन का कैमरा खोलकर लंबी तार को रस्सी के जरिये मैनहोल में भेजा जाएगा और कैमरे से इमेज किस तरह की आती है, चेक किया जाएगा।
- श्रीनिवास, तहसीलदार, सिरसा।