नागरिक अस्पताल में कोरोना वैक्सीन लगवाते स्वास्थ्य कर्मी संवाद
- फोटो : Sirsa
कोरोना वैक्सीन लगवाने के लिए अब निजी अस्पतालों का स्टॉफ भी नागरिक अस्पताल में पहुंच रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुधवार को 67 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक 3700 के लगभग कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है। जबकि 6533 कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगाने का टारगेट तय किया गया है।
बता दें कि सिविल अस्पताल में बुधवार को कोरोना वैक्सीन की दूसरी खेप करीब की 7320 डोज पहुंची है। वहीं दूसरी तरफ अब जिला स्वास्थ्य विभाग की ओर से 31 जनवरी को जिले में पोलियो प्रतिरक्षण अभियान भी चलाया जाएगा। जिसमें जिले के 1 लाख 49 हजार बच्चों को पोलियो की बूंदे पिलाई जाएंगी। अभियान चलाने को लेकर विभाग की ओर केंद्र भी तय किए गए है। जबकि 1 व 2 फरवरी को स्वास्थ्य कर्मी घरों में पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की बूंदे पिलाएंगे।
बुधवार को कोरोना के दो मामले आए सामने
कोरोना जांच में बुधवार को 650 मरीजों के सैंपल लिए गए। इनमें से अभी 13 सैंपलों की रिपोर्ट ही आई है जिनमें से दो मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 637 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आनी अभी शेष है। तीन दिनों बाद दो मरीजों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद आंकड़ा बढ़कर 8041 हो चुका है। अभी 10 मामले सक्रिय हैं। जिनका इलाज जारी है। जिले में अब तक कोरोना से कुल 116 मरीज अपनी जान गंवा चुके हैं।
चार फीसदी कोरोना की वैक्सीन हो रही खराब
कोरोना वैक्सीनेशन के दौरान संख्या के अनुसार चार फीसदी वैक्सीन खराब हो रही है। वैक्सीन के दौरान एक पैकिंग खोलने के बाद उसे चार घंटे तक ही इस्तेमाल में लाया जा सकता है। वैक्सीन की एक पैकिंग दस स्वास्थ्य कर्मियों को लगाई जाती है। ऐसे में अगर कम स्वास्थ्य कर्मी पहुंचते है तो शेष रह चुकी वैक्सीन को चार घंटे बाद इस्तेमाल में नहीं लाया जा सकता। हालांकि रख रखाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग के पास पूरे बंदोबस्त है।
कोट
वैक्सीनेशन की प्रक्रिया जारी है। बुधवार को 67 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाई गई है। नई वैक्सीन को स्टॉक भी अस्पताल में पहुंच चुका है। जल्द ही टारगेट को पूरा कर लिया जाएगा। वैक्सीन रख रखाव को लेकर विभाग के पास पूरे बंदोबस्त है।
-डॉ. बालेश बांसल, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग सिरसा।