डबवाली। उपमंडल गांव मसीतां के पास बाइक सवार एक बुजुर्ग को रोककर और उसे बातों में उलझाकर उसकी जेब से करीब 5 से 6 हजार रुपये छीनकर भाग गया। थाना सदर डबवाली पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव मसीतां निवासी बुजुर्ग जगर सिंह ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे मसीतां से राजपुरा रोड की तरफ जा रहे थे। जब वह गोविंदगढ़ गैस एजेंसी के पास पहुंचे तो पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें रोका। उसने कहा कि सड़क पर आपका कोई सामान तो नहीं गिरा है। जब बुजुर्ग ने सामान देखने के लिए इधर-उधर देखा तो बाइक सवार ने बुजुर्ग की जेब से रखे करीब 6000 रुपये झपट लिए और राजपुरा की तरफ भाग गया। इसके बाद पीड़ित के बेटे जगसीर सिंह ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
डबवाली क्षेत्र में बुजुर्गों को निशाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी 2 जून को डबवाली शहर में दिन-दिहाड़े एक ऐसी ही वारदात सामने आई थी। गांव गिदड़खेड़ा निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग किसान राधेश्याम नई अनाज मंडी से कॉलोनी रोड फाटक की तरफ अपने आढ़ती से खेती व घर का सामान खरीदने के लिए 25 हजार रुपये लेकर जा रहे थे तब रास्ते में एक अज्ञात मोटरसाइकिल सवार युवक उनकी जेब से 25 हजार रुपयों से भरा पर्स निकालकर भाग गया था। संवाद