आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं चोरी व झगड़े की प्राथमिकी
फोटो 10
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर व आसपास के इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने बुधवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने 11 वारदात को अंजाम देना कबूल किया है।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि ढाणी बिलासपुर निवासी दर्शन कुमार ने शिकायत दी थी कि 26 दिसंबर 2025 को वह परिवार सहित रिश्तेदारी में गया था। अगले दिन लौटने पर घर के मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी में से सोने-चांदी के जेवरात, 10 हजार रुपये व अन्य कीमती घरेलू सामान गायब मिला।
शिकायत पर थाना सदर सिरसा में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। जांच के दौरान एंटी व्हीकल थेप्ट स्टाफ पुलिस ने चोरी उक्त वारदात सहित कई वारदात को अंजाम दे चुके चोर गिरोह के सरगना योगेश उर्फ मोनू सहित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी जगजीत सिंह उर्फ जग्गा, जगपाल उर्फ हैप्पी, बलविंदर सिंह, वीरेंद्र कुमार, योगेश उर्फ मोनू निवासी गांव धनूर व योगराज उर्फ योगा निवासी गांव झोरड़नाली, ढाणी बिलासपुर का रहने वाला है।
एसपी के अनुसार, आरोपियों ने अब तक चोरी की 11 वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। आरोपियों को अदालत समक्ष पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों पर चोरी व झगड़े के मामले पहले से दर्ज हैं।