हिसार से पिता को गिरफ्तार कर लाई पुलिस, गांव दहमन का रहने वाला है लक्ष्मण
नेताओं से पहुंच बताकर रचा ठगी का खेल, कोर्ट ने भेजा 3 दिन के रिमांड पर
मुख्य आरोपी विजेंद्र सिंह पर हिसार व फतेहाबाद में भी है प्राथमिकी दर्ज
फोटो 26
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, हिसार में लिपिक सहित अन्य पदों पर की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 14 युवाओं से 57 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लक्ष्मण दास निवासी गांव दहमन, जिला हिसार का रहने वाला है। अदालत ने आरोपी को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि गांव रंगड़ी रोड निवासी अनिल ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी प्रीत नगर बेगू रोड सिरसा निवासी नरेश यादव से पुरानी जान-पहचान थी। दो वर्ष पहले नरेश यादव ने उसे भरोसा दिलाया कि उसका साला विजेंद्र सिंह निवासी गांव दहमन जिला हिसार ऊंची पहुंच रखता है।
विजेंद्र की कांग्रेस व भाजपा के बड़े नेताओं से गहरी दोस्ती है। यदि किसी योग्य व्यक्ति को सरकारी नौकरी चाहिए तो वह गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय, हिसार में क्लर्क सहित अन्य पदों नौकरी लगवा सकता है। अनिल ने उसकी बातों पर विश्वास करते हुए 14 युवाओं को नौकरी लगाने के लिए एक बार में 15 लाख 47 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के माध्यम से दिए जबकि 41 लाख 53 हजार रुपये नकद गांव दहमन स्थित आरोपी विजेंद्र सिंह के पिता लक्ष्मण दास को घर जाकर दिए।
लंबे समय तक नौकरी नहीं लगने पर अनिल को धोखाधड़ी का एहसास हुआ। एसपी दीपक सहारन ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर 25 फरवरी 2026 को सदर थाना सिरसा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच नाथूसरी चौपटा थाना पुलिस को सौंपी गई है।
नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी एसआई प्रदीप कुमार ने जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी लक्ष्मण दास को हिसार से गिरफ्तार कर लिया। एसपी का कहना है कि मुख्य आरोपी विजेंद्र सिंह को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जांच में पता चला है कि विजेंद्र सिंह के खिलाफ हिसार व फतेहाबाद में भी धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज है।