संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा/ओढ़ां। पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां में सत्र 2026-27 में कक्षा 9वीं व 11वीं में प्रवेश के लिए प्रवेश परीक्षा शनिवार को आयोजित हुई। परीक्षा के लिए कक्षा 11वीं में 177 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 99 विद्यार्थी (55.93) परीक्षा में बैठे। वहीं, कक्षा 9वीं में 654 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 468 विद्यार्थी (71.56 प्रतिशत) विद्यार्थी परीक्षा में बैठे।
परीक्षा को लेकर परीक्षार्थियों में काफी उत्साह देखा गया। परीक्षा का समय कक्षा 11वीं के लिए 11 बजे से 1:30 बजे तक तथा कक्षा 9वीं के लिए 11:15 से 1:45 बजे तक का रहा। परीक्षार्थी सुबह निर्धारित समय से पहले ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए। कक्षा 11वीं की परीक्षा के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय ओढ़ां को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। जहां कुल 177 में से 99 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 78 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं, कक्षा 9वीं की परीक्षा के लिए सिरसा शहर में 2 परीक्षा केंद्र बनाए गए। जिनमें डीएवी स्कूल बरनाला रोड सिरसा तथा आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिरसा शामिल रहे। दोनों परीक्षा केंद्रों पर कुल 468 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इनमें डीएवी स्कूल में 336 में से 241 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 95 अनुपस्थित रहे तथा आर्य सीसे स्कूल में 318 में से 227 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी जबकि 91 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
जेएनवी के प्राचार्य ललित कालड़ा ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। 9वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम मार्च माह के अंतिम सप्ताह में आने की संभावना है। वहीं, 11वीं का परीक्षा परिणाम 10वीं बोर्ड का परीक्षा परिणाम आने के बाद घोषित किया जाएगा।