सिरसा। चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय (सीडीएलयू) की ओर से विवि के बहुउद्देश्यीय सभागार में महिला और पुरुष वर्ग अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए इस प्रतियोगिता के आयोजक सचिव डॉ. राजेश ने बताया कि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर अजमेर सिंह मलिक के दिशा-निर्देशन में यह प्रतियोगिता करवाई गई। इस प्रतियोगिता में महिला वर्ग में 30 खिलाड़ियों व पुरुष वर्ग में 25 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि महिला वर्ग प्रतियोगिता में शाह सतनाम जी महिला महाविद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, दूसरा स्थान यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट की टीम ने और तीसरा स्थान केआरएम महाविद्यालय की टीम ने प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि पुरुष वर्ग के खिलाड़ियों का ट्रायल लिया गया।
प्रोफेसर अजमेर मलिक ने इस अवसर पर कहा कि योग ऐसी प्रक्रिया है, जिससे हर व्यक्ति स्वस्थ रह सकता है। इसलिए योग को अपने जीवन में अपनाएं, ताकि आपका शरीर स्वस्थ रह सके। उन्होंने बताया कि योग एक ऐसी प्रक्रिया है, जो आपके शरीर को तंदुरुस्त रखती है। आज पूरे विश्व ने भारत की योग प्रक्रिया को माना है। विश्वविद्यालय यह प्रतियोगिताएं शुक्रवार को हुई। इस अवसर पर डॉ. सुमन, डॉ. रविंदर, विनोद और सचिव खेल परिषद सविता ढांडा, सुनील, लेखराम आदि मौजूद रहे।
युवा महोत्सव के आयोजन की तैयारी शुरू
सिरसा। जिले में 21 और 22 नवंबर को जिला युवा महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें 15 से 29 वर्ष तक के विद्यार्थी, पासआउट, नौकरी पेशा और अन्य युवा भाग ले सकते हैं।
जिला युवा महोत्सव के समन्वयक एवं आईटीआई के प्रधानाचार्य राजेंद्र प्रसाद बाना ने शुक्रवार को आईटीआई में आयोजन समिति के सदस्यों और शिक्षण संस्थानों के प्रधानाचार्य की संयुक्त बैठक ली। इसमें 100 से अधिक युवा कलाकार महोत्सव में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। महोत्सव के लिए पंजीकरण और भाग लेने के लिए कोई शुल्क नहीं लगेगा। इसकी इनाम राशि 1,100 रुपये से 2,100 रुपये तक होगी। इसके लिए इच्छुक युवा 10 नवंबर तक अपने नजदीक आईटीआई से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि युवा महोत्सव में विज्ञान मेला, हरियाणवी लोकगीत, नृत्य, वाद्ययंत्र वादन और सांस्कृतिक गतिविधियां करवाईं जाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी को मिलकर इस जिलास्तरीय युवा महोत्सव को यादगार और सफल बनाना है। सभी को मेहनत और ईमानदारी के साथ ड्यूटी निभानी होगी। सभी लोग अपने स्तर पर निर्धारित समयावधि में तैयारी पूरी करेंगे।
सिरसा की अंतर महाविद्यालय योग प्रतियोगिता में प्रदर्शन करते खिलाड़ी।