श्री विश्वकर्मा एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से छात्रवृत्ति समारोह आज
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। श्री विश्वकर्मा एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से 26 वां छात्रवृत्ति वितरण समारोह रविवार को सुबह 10 बजे श्री सनातन धर्म संस्कृत महाविद्यालय में आयोजित किया जाएगा। समारोह में वर्ष 2026 के लिए चयनित 53 पात्र विद्यार्थियों को कुल 1.76 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा 10 विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।
ट्रस्ट के प्रधान ओमप्रकाश सुथार ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद 53 विद्यार्थियों को पात्र घोषित किया गया है। ट्रस्ट का उद्देश्य मेधावी व जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देकर उनकी शिक्षा जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने बताया कि समारोह में एम्स नई दिल्ली में एमडी पैथोलॉजी व पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में हिस्टोपैथोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. हेमलता जांगिड़ मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। जेसीडी डेंटल कॉलेज में पीरियोडॉन्टिक्स की प्रोफेसर डॉ. वनीता सुथार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
सुथार ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की मजबूत नींव है। विद्यार्थियों को समय पर प्रोत्साहन और आर्थिक सहयोग मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है तथा वे अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित होते हैं। ट्रस्ट इसी उद्देश्य से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान कर उनके शैक्षणिक भविष्य को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने चयनित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से निर्धारित समय पर समारोह में पहुंचने की अपील की।