12 सीसीटीवी रखेंगे नगरपरिषद के कर्मचारियों पर नजर
सिरसा। नगर परिषद कार्यालय में अब हर कर्मचारी की गतिविधियां कैमरे में कैद होगी। सिरसा नगर परिषद कार्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए है। नगरपरिषद के पब्लिक डीलिंग की सभी शाखाओं में कैमरे लगाए गए है। कुछ दिन पहले ही कैमरे लगाने वाली फर्म ने ईओ के साथ मीटिंग की थी और अपना प्रस्ताव दिया था।
नगरपरिषद में लगाए जा रहे सीसीटीवी कैमरे सोमवार से शुरू हो जाएंगे। इन कैमरों में करीब एक महीने की रिकार्डिंग उपलब्ध होगी। ईओ के कार्यालय में सभी कैमरों में रिकार्ड होने वाली गतिविधियां डिसप्ले पर देखी जा सकेंगी। कैमरे लगने से यह पता रहेगा कि कर्मचारी अपनी सीट पर उपलब्ध है या नहीं। वहीं कर्मचारियों और आम जनता के बीच पैदा होने वाले विवाद भी कैमरे में रिकार्ड होंगे। कुछ दिन पहले नगरपरिषद में एक एमसी ने एक कर्मचारी पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाए था। एमसी का आरोप था कि कर्मचारी ने उसकी फाइल को सही तरीके से नहीं देखा। हालांकि बाद में ईओ के हस्तक्षेप के बाद मामला सुलझ गया था। वहीं पिछले महीने एक ठेकेदार ने ईओ के कमरे में बिल पास न करने पर सुसाइड करने की धमकी दी थी। ऐसी घटनाओं के कारण नगरपरिषद ने सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया।
पब्लिक डीलिंग की इन शाखाओं में लगे कैमरे, प्रधान ने लगवाने से किया मना
एमई ब्रांच, हाउस टैक्स ब्रांच, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र, सीएमएमयू ब्रांच, स्वच्छता शाखा, लेखा शाखा, बिल्डिंग ब्रांच, ईओ कार्यालय, गैलरी में करीब 12 कैमरे लगाए गए । नगरपरिषद की प्रधान शीला सहगल के कार्यालय में कैमरा नहीं लगाया जाएगा। क्योंकि खुद प्रधान ने कैमरा लगवाने से मना कर दिया।
बकरियां वाले प्लांट में लगाएं जाएंगे वाई-फाई कैमरे
शहर से करीब 20 किलोमीटर दूर बकरियां वाली गांव में नगरपरिषद का कचरा प्रबंधन प्लांट है। इसमें शहर का सारा कचरा जाता है। इस प्लांट में काफी महंगी मशीनरी है। ठेकेदार जो कूड़ा उठाता है, उसका तोल भी वहीं पर ही होता है। ऐसे में इस बकरियां वाली प्लांट में भी कैमरे लगाए जा रहे हैं। ताकि ईओ अपने कार्यालय से 20 किलोमीटर दूर होने वाली गतिविधियां भी देख सकें। वाई फाई कैमरों की मदद से ईओ अपने मोबाइल पर ही सारे कैमरों से नगरपरिषद की गतिविधियां देख सकेंगे।
कोट्स
पब्लिक डीलिंग की शाखाओं में कैमरे लगवाए गए हैं। इससे रिकार्ड भी सुरक्षित रहेगा और कर्मचारियों के काम पर भी नजर रखी जा सकेगी।
वीरेंद्र सहारण, ईओ, नगरपरिषद सिरसा।