रक्तदान करते हुए भारुखेड़ा के ग्रामीण।
- फोटो : Sirsa
गोरीवाला। कारगिल विजय दिवस पर ग्राम पंचायत व युवा क्लब भारूखेड़ा ने सोमवार को सावित्री बाई फुले पुस्तकालय में स्वेच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। अमर उजाला फाउंडेशन ने कार्यक्रम में सहभागिता की। रक्तदानियों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। नागरिक अस्पताल डबवाली ब्लड बैंक की टीम ने रक्तदाताओं को जागरूक किया। शिविर का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं समाजसेवी डॉ. केवी सिंह ने किया। शिविर में 50 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
शिविर में नागरिक अस्पताल ब्लड बैंक डबवाली के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुखवंत सिंह ने बताया कि लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता और उसके महत्व को बढ़ाने के लिए स्वेच्छिक रक्तदान किया गया। शिविर में युवा साथियों की सहभागिता को दर्ज किया गया। शिविर की विशेषता यह रही कि गांव की महिलाओं में भी रक्तदान के प्रति अपनी भागीदारी सुनिश्चित की गई।
समाजसेवी नरेश भारूखेड़ा ने बताया कि ग्राम के युवा साथी व ग्राम पंचायत के सदस्यों को रक्तदान करने के प्रति जागरूक करते आ रहे हैं। गांव के समाजसेवी युवाओं का रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने का अभियान काफी कारगर सिद्ध हो रहा है। युवाओं में यह जुनून है कि खून के अभाव में किसी भी व्यक्ति की जान चले जाना उनके लिए प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों, समाजसेवी, संगठनों व युवा साथियों ने मिलकर मुहिम चलाई है कि जब भी किसी भी ब्लड बैंक को रक्त की जरूरत हो तो गांव के स्वयंसेवकों को सूचना दें, जिससे पर बिना किसी देरी के रक्तवीर वहां पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि जिले में कभी भी रक्त की कमी नहीं आने दी जाएगी।
गांव स्तर पर स्वयंसेवक अपनी ब्रिगेड तैयार करते हुए प्रत्येक गांव से ज्यादा से ज्यादा रक्तवीरों को मुहिम में जोडने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। ग्रामीणों के सहयोग से ही गांव में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। अमित सुथार ने बताया कि छोटे से गांव में रक्तदान शिविर का आयोजन बहुत बड़ी बात है। मैं अन्य गांव के युवाओं से आग्रह करना चाहूंगा कि जहां कही भी रक्तदान की बात आए तो हमें पीछे न हटकर अन्य साथियों को भी इसके बारे में प्रेरित करना चाहिए। क्योंकि आप के द्वारा दिए गया रक्त किसी मृत्यु शैया पर लेटे व्यक्ति को जीवनदान दे सकता हैं। इसलिए हमें अपने आसपास, गांव, क्षेत्र व कस्बे के लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना चाहिए।
रक्तदान कैंप में महिलाएं भी हुईं शामिल ।- फोटो : Sirsa