संवाद न्यूज एजेंसी
ऐलनाबाद। सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव शेरपुरा क्षेत्र में चलाए जा रहे एक जुए के अड्डे पर छापा मारने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 लाख 3 हजार 200 रुपये की नकद राशि तथा ताश के पत्ते बरामद किए हैं।
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया कि सीआईए ऐलनाबाद की पुलिस टीम बीती रात गश्त के दौरान थाना डिंग क्षेत्र में मौजूद थी। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि गांव शेरपुरा स्थित एक मकान में कई लोगों को एकत्रित कर बड़े स्तर पर जुआ खिलाया जा रहा है। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद लोग भागने का प्रयास करने लगे लेकिन पुलिस ने घेरेबंदी कर सभी आरोपियों को मौके पर ही काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 1,03,200 रुपये की नकदी तथा ताश के पत्ते बरामद किए गए।
पुलिस ने जयप्रकाश, सतपाल, सुनील निवासी गांव बरुवाली, अनिल निवासी गांव पीली मंदोरी जिला फतेहाबाद तथा राजेंद्र निवासी गांव डिंग मंडी जिला सिरसा को गिरफ्तार किया है। सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में जुआ अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।