सिरसा। मिशन बुनियाद लेवल 1 की परीक्षा शुक्रवार को जिलेभर में बनाए गए 14 केंद्रों पर आयोजित की गई। जिसमें कुल 4,769 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं 670 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा सुबह साढ़े 11 बजे से लेकर दोपहर डेढ़ बजे तक आयोजित की गई। परीक्षा के लिए कुल 5439 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था।
सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए विद्यार्थियों का केंद्र में प्रवेश के लिए 1 घंटे पहले पहुंचने के निर्देश दिए गए थे। ऐसे में विद्यार्थी 10 बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। वहीं विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी केंद्र पर आए हुए थे। अभिभावकों ने स्कूलों के खेल ग्राउंड में बैठकर परीक्षा के खत्म होने का इंतजार किया। वहीं कुछ स्कूलों में अभिभावक स्कूलों के बाहर इंतजार करते हुए नजर आए। परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सेंटरों का निरीक्षण खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण लाल, जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. मुकेश कुमार व एनएमएमएस के नोडल अधिकारी हरीश चावला ने किया।
अभी दो लेवल की ओर होनी है परीक्षा
बुनियाद प्रोग्राम स्कूल शिक्षा विभाग व हरियाणा सरकार द्वारा विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को सक्षम व प्रशिक्षित करने के लिए शुरू किया गया कार्यक्रम है। बुनियाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ाना व उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डालना है। लेवल- 1 की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थी ही लेवल-2 की परीक्षा दे पाएंगे। लेवल 2 की परीक्षा पास करने वाले लेवल-3 तक परीक्षा दे पाएंगे। उसके बाद सफल विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा। जिसके बाद विद्यार्थियों की कक्षाएं लगनी आरंभ होंगी।
केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या
खंड का नाम, स्कूल का नाम, विद्यार्थियों की संख्या
- बड़ागुढ़ा, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल बप्पां, 345
- बड़ागुढ़ा, पीएमश्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बड़ागुढ़ा, 319
- डबवाली, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल डबवाली, 332
- डबवाली, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 401
- ऐलनाबाद, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद, 324
- ऐलनाबाद, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऐलनाबाद, 254
- चोपटा, आरोही माॅडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल नाथूसरी कलां, 298
- चोपटा, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल चोपटा, 409
- ओढां, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल कालांवाली, 390
- रानियां, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल रानियां, 263
- रानियां, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, 358
- सिरसा, राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल मेला ग्राउंड, 299
- सिरसा, राजकीय मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल अनाज मंडी, 489
- सिरसा, राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल खैरपुर, 288
शुक्रवार को मिशन बुनियाद लेवल-1 की परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें कुल 4,769 विद्यार्थियों ने 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा दी। प्रदेशभर में सिरसा जिले में सबसे ज्यादा विद्यार्थियों ने परीक्षा दी है।
- डॉ. मुकेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ सिरसा।
प्रदेशभर में जिले के विद्यार्थियों ने सबसे ज्यादा परीक्षा दी है। ये आंकड़ा सराहनीय है। इस बार हम प्रदेश में सर्वाधिक आवेदन करवाने और परीक्षा दिलवाने में नंबर-1 पर रहे हैं। उम्मीद है कि आगे भी विद्यार्थी इसी प्रकार बुनियाद परीक्षा में अपनी रूचि दिखाएंगे।
- ज्ञान सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा।