संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा/डबवाली। मंडी डबवाली में एक व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। अज्ञात व्यक्ति ने उसे खाते में रुपये आने का झासा देकर 47.5 हजार रुपये ठग लिए। डबवाली शहर थाना पुलिस ने पीड़ित भानू कुमार वासी वार्ड नंबर-11 मंडी डबवाली की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में भानू कुमार ने बताया कि 23 अगस्त को उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप कॉल आई। व्यक्ति ने कहा कि वह एचडीएफएसी बैंक से बोल रहा है। आपके खाते में कुछ रुपये आने हैं। इसलिए मैं जैसा कहूं वैसा करते रहो। इसके बाद आरोपी ने उसके बैंक खाते में 47.5 हजार डलवा लिए। बाद में नंबर बंद आने लगा। इसके बाद उसे पता चला कि वह ठगी का शिकार हो गया है।