ओढां के जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों का कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी है। वीरवार को भी विद्यालय के चार विद्यार्थी और एक स्कूल स्टाफ के परिवार में पांच सदस्यों सहित कुल 47 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। वर्ष 2021 में कोरोना संक्रमित आने वालों का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है। एक साथ इतनी ज्यादा संख्या में कोरोना पॉजिटव मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। वहीं, वीरवार को 47 नए संक्रमित मिलने के बाद अब कोरोना पॉजिटिव केस का आंकड़ा बढ़कर 181 तक पहुंच गया है। जबकि 24 मरीज स्वस्थ होने के बाद उन्हें घर भेजा गया है।
वीरवार को शास्त्री कालोनी, एमआईटीसी कालोनी, एफ ब्लॉक, एकता चौक, उपकार कालोनी, हुडा सेक्टर 20, गोशाला मोहल्ला, डी ब्लॉक, एडीसी कालोनी में एक-एक, गोबिंदनगर में तीन, सवेरा वाली गली में दो, डबवाली में सात, ऐलनाबाद में एक, ओढां में 14, माधोसिघाणा में दो, रानियां में दो, चौटाला में चार और बड़ागुढ़ा में दो सहित कुल 47 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए है। अब मरीजों के स्वस्थ होने का फीसदी भी 94.46 पर पहुंच चुका है।
ओपीडी आने वाले सभी मरीजों का हो रहा टेस्ट
कोरोना के मामले बढ़ने के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपल प्रक्रिया भी बढ़ानी शुरू कर दी है। नागरिक अस्पताल में पहुंचने वाले सभी मरीजों के कोरोना सैंपल लेने शुरू कर दिए गए है। विभाग की ओर से हररोज एक हजार से अधिक लोगों के सैंपल लिए जा रहे है। विभाग की ओर से अब तक कुल 266640 लोगों के सैंपल लिए गए है। जिनमें से 8424 मरीज कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। जिले में अब तक 117 लोगों की कोरोना संक्रमण से मौत हो चुकी है।
जिन स्कूलों में कोरोना संक्रमण के मामले मिले हैं, दो दिन के लिए बंद किया जा रहा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों के सैंपल भी लिए जा रहे है। जिले वासी कोरोना से बचाव के लिए नियमों की पालना करे।
डॉ. कृष्ण कुमार, जिला चिकित्सक अधिकारी, सिरसा