संथारा साधिका जैन साध्वी चेतनाश्री का देवलोकगमन
जैन साध्वी की वैकुंठी यात्रा में शामिल हुए कई राज्यों के हजारों जैन श्रद्धालु
कालांवाली। जैन साध्वी जिनबाला की सहवर्ती शासन संथारा साधिका 92 वर्षीय चेतनाश्री महाराज मंगलवार को कालांवाली के तेरापंथ भवन में सुबह सात बजकर 16 मिनट पर देवलोकगमन हो गए। उनके अंतिम दर्शनों के लिए पंजाब, राजस्थान व अन्य राज्यों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। जैन साध्वी की वैकुंठी यात्रा दोपहर एक बजे तेरापंथ भवन से शुरू हुई जो कि जलघर रोड, अनाज मंडी, पंज रतन सिनेमा रोड, पंजाब बस अड्डा, सहित मंडी के विभिन्न बाजारों से होते हुए रामबाग समाधि तक पहुंची। जहां पर उनका जैन रीति रिवाजों के अनुसार अंतिम संस्कार किया गया। इससे पहले एसएस जैन सभा कालांवाली व मंगल देश की और से साध्वी को चादरें चढ़ाई गई।
जैन श्वेतांबर तेरापंथ सभा के प्रांतीय उपाध्यक्ष दिनेश गर्ग व एसएस जैन सभा के प्रधान संदीप जैन ने बताया कि साध्वी चेतनाश्री महाराज को सोमवार को सुबह 11 बजकर पांच मिनट पर जैन साध्वियों द्वारा तिविहारी संथारा का प्रत्याख्यान करवाया गया। उन्होंने बताया कि जैन साध्वी पिछले एक वर्ष से कालांवाली में विराजमान थी और उनका चार्तुमास कालांवाली की तेरापंथ जैन सभा था। जैन साध्वी चेतनाश्री की आयु 92 वर्ष थी। उनका जन्म राजस्थान के सरदार शहर में हुआ। उन्होंने 16 वर्ष की आयु में संसारी वस्तुओं का त्याग करते हुए अपने ही शहर सरदार शहर में आचार्य श्री महाप्रज्ञ महाराज के सानिध्य में जैन दिक्षा अंगीकार की।
इस अवसर पर कालांवाली की विधायक बलकौर सिंह, शीशपाल केहरवाला, रूलदू राम जैन, ओमप्रकाश सिंगला, मंगत राय जैन, संदीप जैन, मोहन लाल बांसल, निर्मल मलडी, बोबी सिंगला, दिनेश गर्ग, प्रवीण रोडी, हरीश सिंगला, नगर पार्षद राजीव गर्ग, बंटी बधवा, विनोद मित्तल, इनेलो के जिलाध्यक्ष पदम जैन, सुरेंद्र नेहरू, पालिका उपप्रधान मनीष जिंदल, राजेंद्र जैन आदि मौजूद रहे।