सिरसा। जिले के खंड डबवाली में सोमवार को स्वतंत्रता सेनानी वेद राम दयाल राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिशन बुनियाद जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद के लिए जागरूक किया गया।
इस दौरान खंड के 31 राजकीय स्कूलों से आठवीं के 89 और दसवीं के 57 विद्यार्थियों ने भाग लिया। वहीं 124 अभिभावक व शिक्षकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में विकल्प फाउंडेशन की टीम ने विद्यार्थियों के मौके पर ही आवेदन किए। वहीं विद्यार्थियों को मिशन बुनियाद व सुपर-100 के लिए जागरूक किया। विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों ने भी अपने मिशन बुनियाद की पूरी जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, अब तक जिले में 3 हजार 810 विद्यार्थियों ने मिशन बुनियाद के तहत आवेदन किए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर है।
मुख्य अतिथि ने साझा किए अनुभव
जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि डबवाली के तहसीलदार पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वे खुद आईआईटी के विद्यार्थी रहे हैं। वह पढ़ने के लिए कोटा गए थे। उन्होंने कहा आईआईटी का खर्चा वहन करना आसान बात नहीं है। ऐसे में अगर सरकार राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों को निशुल्क में आईआईटी की कोचिंग दे रही है तो ये बहुत बड़ी बात है। ऐसा मौका विद्यार्थियों को नहीं छोड़ना चाहिए।
दसवीं की छात्रा ने मिशन को बताया उपयोगी
डबवाली में स्थित मिशन बुनियाद केंद्र की दसवीं कक्षा की छात्रा अंशिका ने बताया कि वो केंद्र पर मिशन बुनियाद के तहत कोचिंग ले रही है। केंद्र पर बहुत अच्छे से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही है। विकल्प फाउंडेशन के फाउंडर नवीन कुमार समय-समय पर उन्हें स्वयं गाइड करते हैं। किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने देते।
इस प्रकार हुए हैं खंड में आवेदन
खंड का नाम, आवेदन
- बडागुढ़ा, 616
- डबवाली, 612
- ऐलनाबाद, 347
- चोपटा, 539
- ओढां, 325
- रानियां, 443
- सिरसा, 928
प्रदेश स्तर पर तीसरे नंबर पर है सिरसा
1. पानीपत, 5791
2. गुरुग्राम, 4270
3. सिरसा, 3810
4. कैथल, 3519
5. हिसार, 3375
डबवाली के स्वतंत्रता सेनानी वेद राम दयाल राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मिशन बुनियाद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। वहीं मौके पर विद्यार्थियों के आवेदन किए गए।
- हरीश कुमार, एनएमएमएस, सिरसा।