संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। स्वच्छ भारत स्वच्छ विद्यालय मिशन 2021-22 के तहत जिले के 28 स्कूलों को स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों व ओवरऑल स्वच्छता प्रदर्शन के लिए आठ स्कूलों को पुरस्कृत किया गया। उपायुक्त अजय सिंह तोमर ने स्कूल प्रिंसिपल को पुरस्कार देकर सम्मानित किया और स्वच्छता को दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
बुधवार को विवेकानंद वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित जिला स्तरीय स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार वितरण समारोह उपायुक्त अजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने कहा कि स्वच्छता का हमारे जीवन में विशेष योगदान है। स्कूल स्तर पर विद्यार्थियों को स्वच्छता का महत्व बताया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत में शामिल किया जाए तो अनेक बीमारियों से आसानी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न पैरामीटर निर्धारित किए हैं, जिसके तहत विभिन्न कैटेगरी में स्वच्छता अपनाने पर स्कूलों को पुरस्कृत किया जाता है।
यह खुशी की बात है कि जिले के करीब 36 स्कूलों को स्वच्छता की विभिन्न श्रेणियों में अच्छा कार्य करने पर पुरस्कृत किया जा रहा है। इससे अन्य स्कूलों व विद्यार्थियों को प्रेरणा मिलेगी और आगामी वर्षों में इस दिशा में और स्कूल भी आगे आएंगे। उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को हैंडवाश, अपने आसपास की सफाई रखने के प्रति जागरूक किया जाएगा तो समाज में भी इसका सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। जहां एक स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता जरूरी है, वहीं एक सभ्य समाज के निर्माण के लिए सामाजिक बुराइयों से मुक्त होना भी जरूरी है। इन दोनों सामाजिक सरोकार के कार्यों में शिक्षक अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कोरोना काल में रहा सफाई का विशेष महत्व
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना के दौर में हैंडवाश व आसपास सफाई का विशेष महत्व रहा। शुरुआती दौर में जब इस बीमारी से बचाव के लिए कोई दवा नहीं थी, तब हाथों, कपड़ों आदि की निरंतर सफाई ही इससे बचाव का एकमात्र उपाय था। स्वच्छता से कोरोना के अलावा भी अनेक बीमारियों से बचना संभव है। जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार ने बताया कि स्वच्छ भारत-स्वच्छ विद्यालय मिशन के तहत स्कूलों में स्वच्छता के प्रति अधिक से अधिक गतिविधि आयोजित करवाने बारे के लिए जागरूक किया जाता है। जिला परियोजना समंवयक बूटा सिंह ने बताया कि वर्ष-2014 से स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार की शुरुआत की गई थी। इस अवसर पर विवेकानंद स्कूल के निदेशक राम सिंह, एपीसी विनोद कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, स्कूल प्रिंसिपल व अध्यापक उपस्थित थे।
सुंदरता में प्रथम आने पर भरोखां स्कूल सम्मानित
सुंदरता में ओवरऑल प्रथम आने पर जिला उपायुक्त अजय तोमर व जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल चंद्र प्रकाश कंबोज व प्राइमरी विद्यालय के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके साथ रोशन लाल पूनिया व ताराचंद भी उपस्थित थे। उपायुक्त व डीईओ ने कहा कि इस पुरस्कार का पूरा श्रेय स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों व ग्राम पंचायत को जाता है, क्योंकि सभी ने मिलकर साझा प्रयास किया, जिसका परिणाम सभी के सामने है।
शहरी क्षेत्र कैटेगरी में केंद्रीय विद्यालय रहा प्रथम
वायुसेना स्टेशन में स्थित केंद्रीय विद्यालय क्रमांक एक ने जिला स्वच्छ स्तरीय विद्यालय पुरस्कार प्रतियोगिता में शहरी क्षेत्र कैटेगरी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय को दो और श्रेणियों में भी उत्कृष्टता पुरस्कार दिए गए हैं। विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को बधाई दी। प्राचार्य ने विद्यालय जीवन से ही स्वच्छता को अपनाने का संदेश देते हुए विद्यार्थियों से स्वच्छता अभियान में अपना योगदान देने की अपील की। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय राज्य स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार प्रतियोगिता में भाग लेगा और उसके लिए तैयारी कर रहा है।