फील्ड में उतरी नगर परिषद की टीमें, सरकार ने सत्यापित प्रॉपर्टी के प्रॉपर्टी टैक्स पर ब्याज की शत-प्रतिशत दी है छूट
फोटो -
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर में प्रॉपर्टी टैक्स मालिकों की प्रॉपर्टी को सत्यापित करवाने की जिम्मेदारी नगर परिषद के कंधों पर आ गई है। प्रॉपर्टी टैक्स सत्यापन के लिए शहरवासियों में ज्यादा रुझान देखने के लिए नहीं मिल रहा है। ऐसे में सरकार ने प्रॉपर्टी टैक्स बिल सत्यापित करवाने की जिम्मेदारी नगर परिषद को दी है। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी ने 36 कर्मचारियों की ड्यूटी स्वयं सत्यापन के लिए लगाई है। ये कर्मचारी शहर के अलग-अलग वार्डों में जाकर लोगों को जागरूक कर उनकी प्रॉपर्टी का सत्यापन करवाएंगे।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से स्वयं सत्यापन करने वाले प्रॉपर्टी टैक्स मालिकों को 100 प्रतिशत ब्याज की छूट दी गई है। इसका लाभ आमजन को मिले, इसलिए कर्मचारियों को फील्ड में उतारा गया है। नगर परिषद से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शहर में एक लाख के करीब प्रॉपर्टी हैं। इनमें से 40 प्रतिशत प्रॉपर्टी का सत्यापन करवाया जा चुका है। पूर्व में नगर परिषद ने यह सत्यापन फील्ड में उतरकर, प्रॉपर्टी टैक्स जमा करवाने वाले और प्रॉपर्टी आईडी दुरुस्त करवाने वाले लोगों की प्रॉपर्टी का सत्यापन किया था। इसके बावजूद बड़े स्तर पर प्रॉपर्टी धारक अपनी प्रॉपर्टी का सत्यापन करवाने से वंचित रह गए थे।
बॉक्स
जेई की अगुवाई में बनाई टीम
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अतर सिंह खनगवाल ने सभी जेई की अगुवाई में टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक जेई के साथ छह लोगों की टीम होगी। ये टीमें शहर के अलग-अलग वार्डों में जाकर प्रॉपर्टी टैक्स आईडी का सत्यापन करेंगी। शनिवार को प्रॉपर्टी टैक्स आईडी के सत्यापन का कार्य शहर के विभिन्न वार्डों में शुरू कर दिया गया। इतना ही नहीं, नगर परिषद के अंदर भी प्रॉपर्टी आईडी को प्रॉपर्टी शाखा में सत्यापन का कार्य जारी रहा।
बॉक्स
इसलिए जरूरी है प्रॉपर्टी का सत्यापन करवाना
अधिकारियों के अनुसार, प्रॉपर्टी का सत्यापन करवाना धोखाधड़ी से बचाता है। कोई व्यक्ति दूसरे व्यक्ति की प्रॉपर्टी में कोई बदलाव करवाकर अपने नाम नहीं कर सकता है। सत्यापन के साथ ही प्रॉपर्टी आईडी लॉक हो जाती है। वह उसी नंबर से ओपन होगी, जो नंबर प्रॉपर्टी आईडी में दर्ज किया गया है। दूसरे किसी नंबर से प्रॉपर्टी आईडी ओपन नहीं हो पाएगी। जब प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित नहीं होती है तो कोई भी व्यक्ति कहीं से भी उसमें ऑनलाइन आवेदन कर बदलाव कर सकता है। हर कोई प्रॉपर्टी की डिटेल व अन्य जानकारी प्राप्त कर सकता है। इसलिए प्रॉपर्टी आईडी का सत्यापन करवाना बेहद जरूरी है।
कुल प्रॉपर्टी 1 लाख 5 हजार के करीब
सत्यापित प्रॉपर्टी 40 हजार के करीब
बची प्रॉपर्टी - 65 हजार के आसपास
इस प्रकार है लक्ष्य
कुल टीमें - 6
कर्मचारियों की संख्या - 36
प्रतिदिन का टारगेट - प्रति कर्मचारी 25 प्रॉपर्टी यानी 900 प्रॉपर्टी
समय 60 दिन
कोट्स
शहर में प्रॉपर्टी स्वयं सत्यापन प्रक्रिया को लेकर नगर परिषद ने सभी छह जेई की अगुवाई में 36 कर्मचारियों को फील्ड में उतारा है। ये टीमें अलग-अलग वार्डों में जाकर प्रॉपर्टी आईडी सत्यापित करवाने का कार्य करेंगी। प्रॉपर्टी आईडी के सत्यापन के बाद प्रॉपर्टी टैक्स पर मिल रही शत-प्रतिशत ब्याज की छूट का लाभ प्रॉपर्टी मालिक ले सकेंगे।
-अतर सिंह खनगवाल, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद