फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: पीटीएम में 35 हजार विद्यार्थियों ने अभिभावकों संग हिस्सा लिया, गृहकार्य की दी जानकारी

विज्ञापन
सिरसा।जिले के राजकीय विद्यालय में मेगा पीटीएम के दौरान अ​भिभावकों से बातचीत करते हुए ​शिक्षक । 
विज्ञापन
सिरसा। जिलेभर के 523 राजकीय प्राइमरी स्कूलों में शुक्रवार को मेगा पीटीएम (पेरेंट्स टीचर मीटिंग) का आयोजन किया गया। इसमें करीब 35 हजार के विद्यार्थियों ने अभिभावकों के साथ हिस्सा लिया। राजकीय स्कूलों में शिक्षा विभाग की ओर से एक से 15 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित कर दिया है। ऐसे में विद्यार्थियों को शीतकालीन गृहकार्य दिया गया है।
विज्ञापन

पीटीएम में इस संबंध में अभिभावकों अवगत करा दिया गया है। शीतकालीन अवकाश को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पहले ही सभी जिलों के मौलिक शिक्षा अधिकारियों और खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि शीतकालीन अवकाश के दौरान विद्यार्थियों को ऐसा गृहकार्य दिया जाए, जो उनकी सीखने की क्षमता को बढ़ाए और बोझिल न हो।
विभाग की ओर से तैयार विंटर पैकेट में हिंदी और गणित विषय से जुड़ी रोचक गतिविधियां शामिल की गई हैं। इन गतिविधियों का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने, लिखने, सोचने और गणना करने की दक्षता को बढ़ाना है। गृहकार्य को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि बच्चे इसे अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर पूरा कर सकें। इससे बच्चों का पारिवारिक जुड़ाव भी बढ़ेगा और सीखने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी।
विज्ञापन


विभाग ने बनाया विंटर पैकेज
विंटर पैकेट में शामिल गतिविधियां बच्चों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं। इनमें चर्चा, कहानी सुनाना, प्रस्तुतीकरण और विचार-विमर्श जैसी गतिविधियां शामिल हैं, जो बच्चों की अभिव्यक्ति क्षमता को बढ़ाने में सहायक होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन कौशल, लेखन क्षमता, पढ़ने की समझ और गणना में दक्षता हासिल करने में मदद मिलेगी। अवकाश के दौरान बच्चों को सकारात्मक और रचनात्मक कार्यों से जोड़े रखना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। कक्षा 1 से 5 तक के सभी विद्यार्थियों को यह गृहकार्य अनिवार्य रूप से दिया जाएगा। अवकाश के बाद इसे पूरा करने वाले विद्यार्थियों का मूल्यांकन किया जाएगा, ताकि यह देखा जा सके कि बच्चों ने अवकाश के समय में कितना सीखा और समझा।

-
मेगा पीटीएम में शिखर अभ्यास पुस्तिका में काम करवाने की दी जानकारी
विभाग की ओर से बच्चों को शिखर अभ्यास पुस्तिका उपलब्ध करवाई गई है। यह पुस्तिका तीसरी कक्षा के सभी विद्यार्थियों को दी जा चुकी है, जबकि दूसरी कक्षा के करीब 20 प्रतिशत बच्चों को भी यह अभ्यास पुस्तिका दी गई है। मेगा पीटीएम के दौरान अभिभावकों को यह जानकारी दी जाएगी कि इन पुस्तिकाओं के माध्यम से बच्चों से गृहकार्य किस प्रकार करवाया जाना है और घर पर अभ्यास कैसे करवाया जाए। पीटीएम में अभिभावकों को यह भी समझाया जाएगा कि नियमित अभ्यास से बच्चों की पढ़ने, लिखने और गणना की क्षमता कैसे बेहतर हो सकती है। विभाग का उद्देश्य है कि स्कूल और अभिभावक मिलकर बच्चों की सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करें। इसके साथ ही विभाग ने सभी शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने व्हाट्सएप ग्रुप में सभी अभिभावकों के अपडेटेड मोबाइल नंबर जोड़ें। इससे गृहकार्य, अभ्यास पुस्तिका और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी समय पर अभिभावकों तक पहुंचाई जा सकेगी।


जिले के 523 राजकीय प्राइमरी विद्यालयों में शुक्रवार को मेगा पीटीएम का आयोजन किया गया। इसमें अभिभावकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अभिभावकों को शीतकालीन गृहकार्य व मूल्यांकन की जानकारी दी गई। - डॉ. कपिल देव, जिला कोऑर्डिनेटर, एफएलएन, सिरसा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें