संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों की साइंस में रुचि बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद के तहत बुधवार को प्रथम चरण की परीक्षा ली। जिले के 12 केंद्रों पर 3500 विद्यार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे, जबकि 213 गैर हाजिर रहे। इस दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने औचक जांच अभियान भी चलाया। बुनियाद कार्यक्रम के नोडल अफसर डॉ. मुकेश कुमार ने व्यवस्था संभाली।
परीक्षा के लिए सुबह 10 बजे का समय निर्धारित किया गया। विद्यार्थी एक घंटे पहले ही केंद्र में पहुंचना शुरू हो गए और सीटिंग प्लान देखकर बैठ गए। नकल रोकने और व्यवस्था देखने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी संत कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हो गई। परीक्षा के लिए 3713 विद्यार्थियों ने अपना पंजीकरण करवाया था।
परीक्षा केंद्र अनुसार उपस्थिति
परीक्षा केंद्र उपस्थिति गैर हाजिर
राजकीय मॉडल स्कूल, सिरस 344 14
राजकीय स्कूल, खैरपुर 339 18
राजकीय स्कूल, ओढ़ां 237 31
राजकीय मॉडल स्कूल, बप्पां 218 20
राजकीय स्कूल, बड़ागुढ़ा 215 24
राजकीय मॉडल स्कूल, रानियां 239 10
राजकीय कन्या स्कूल 231 18
राजकीय कन्या स्कूल, ऐलनाबाद 509 24
राजकीय मॉडल स्कूल, डबवाली 268 14
राजकीय कन्या स्कूल, डबवाल 261 20
आरोही स्कूल, नाथूसरी कला 318 13
राजकीय मॉडल स्कूल, नाथूसरी चोपटा 319 10
यह है बुनियाद कार्यक्रम और उद्देश्य
1. विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा और उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण की नींव डाली जाएगी।
2. विद्यार्थियों को एनटीएसई (नेशनल टेलेंट सर्च एग्जामिनेशन) की तैयारी करवाई जाएगी।
3. विद्यार्थियों को केवीपीवाई (किशोर वैज्ञानिक प्रोत्साहन योजना) तथा अन्य छात्रवृत्ति प्रतियोगिता की तैयारी करवाई जाएगी।
4. एनटीएसई परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद विद्यार्थी पीएचडी तक की पढ़ाई पूरी होने तक छात्रवृत्ति पाने के हकदार होंगे।
5. केवीपीवाई परीक्षा पास करने वाले विद्यार्थियों का दाखिला प्रतिष्ठित संस्थानों में आसानी से होगा।
दो चरण में चलेगा बुनियाद कार्यक्रम
पहले चरण में राजकीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे 9वीं के विद्यार्थियों को प्रदेश भर के 51 केंद्र पर तैयारी करवाई जाएगी। प्रथम लेवल की परीक्षा खंड स्तर पर होगी। पहले लेवल में पास होने वाले 600 विद्यार्थियों को दूसरे लेवल के लिए चुना जाएगा।
2. दूसरे चरण के दौरान प्रदेश भर से केवल 400 विद्यार्थियों का चयन होगा। उन्हें कोचिंग देकर तैयार किया जाएगा और एक वर्ष की आवासीय कोचिंग हासिल करेंगे। इन चयनित विद्यार्थियों को पाठ्य सामग्री, वर्दी, यातायात सुविधा का प्रबंध विभाग की ओर से किया जाएगा।
वर्जन
बुधवार को बुनियाद कार्यक्रम की परीक्षा शांतिपूर्वक तरीके से हो गई है। इस परीक्षा में 3713 विद्यार्थियों को बैठना था। परीक्षा में 3500 ने भाग लिया जबकि 213 गैर हाजिर रहे। -डॉ. मुकेश कुमार, नोडल ऑफिसर, बुनियाद।