ओढ़ां। गांव चौटाला की दी बहुउद्देशीय कृषि सहकारी समिति लिमिटेड (पैक्स) में हुए करोड़ों के घोटाले की फेहरिस्त और लंबी होती जा रही है। विभागीय जांच में इस मामले में अब बड़ा हेरफेर होना और सामने आया है। आरोपियों द्वारा किए गए घोटाले की कुल राशि 3 करोड़ 23 लाख रुपये हो गई है। इस तरह 32 लाख रुपये का घोटाला और सामने आ गया है।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी पैक्स प्रबंधक श्रीपाल, शाखा प्रबंधक सुभाष व सेल्समैन प्रमोद को दो माह पूर्व गिरफ्तार किया था। आरोपियों द्वारा चौटाला पैक्स में एक करोड़ 8 लाख 15 हजार 205 रुपये कैश इन हैंड व खाद के स्टॉक में गड़बड़ी कर कुल 2 करोड़ 90 लाख 96 हजार 487 रुपये का गबन सामने आया था। आरोपियों ने यह घोटाला एक जनवरी 2022 से 31 मार्च 2025 के मध्य किया जोकि करीब 7 माह पूर्व हुए ऑडिट में उजागर हुआ। तीनों को 31 मार्च 2025 को सस्पेंड कर दिया गया था।
इस मामले में मार्च 2025 में एसआईटी का गठन किया गया था। करीब 3 माह तक चली जांच के बाद रिपोर्ट एआर डबवाली को सौंपी गई। एआर की शिकायत पर तीनों आरोपियों चौटाला पैक्स प्रबंधक श्रीपाल, चौटाला शाखा प्रबंधक सुभाष व सेल्समैन प्रमोद कुमार आसाखेड़ा के खिलाफ थाना सदर डबवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की जांच एसपी डबवाली की ओर से इकोनॉमिक सेल डबवाली को दी गई थी।
जीएम की जांच में आया और गबन सामने : इस मामले में जीएम सिरसा की ओर से एक टीम गठित की गई। इसमें असिस्टेंट मैनेजर अभय जिंदल, सीनियर अकाउंटेंट भूप सिंह व विकास अधिकारी जगदीप सिंह को शामिल किया गया। जांच में तीन साल के रिकॉर्ड की जांच की गई। इसमें 97 लाख का कैश इन हैंड व 2 करोड़ 26 लाख की खाद व अन्य उर्वरक शामिल हैं। ये पूरा घोटाला पैक्स प्रबंधक रहे श्रीपाल व उसके सहयोगियों द्वारा किया गया।
सूत्रों के मुताबिक, गबन के अलावा भी रिकॉर्ड में कटिंग व अन्य काफी लीपापोती सामने आई है। इसकी रिपोर्ट जीएम को भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि इस गबन के मुख्य आरोपी श्रीपाल की कुछ संपत्ति विभाग ने अटैच भी की है। संवाद