सिरसा। शिक्षा विभाग के जिला मौलिक अधिकारी धनपत राम ने मंगलवार को जिले के सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूल में कई खामियां नजर आईं। इस पर डीईईओ ने स्कूल को मंगलवार शाम तक का समय सभी दस्तावेज पूरे करने के लिए दिया। ऐसा नहीं होने पर बुधवार को कार्रवाई की चेतावनी दी।
शिक्षा अधिकारी धनपत राम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान उन्हें पता चला कि स्कूल के पास कक्षा पहली से आठवीं तक की ही मान्यता है। लेकिन स्कूल ने 9वीं तथा 10 वीं कक्षा के बच्चों को पढ़ाया जा रहा था। कक्षा नौवीं में लगभग 65 बच्चे थे। कक्षा दसवीं में 55 के करीब बच्चे थे। स्कूल नेे इस पर बताया कि हमने मान्यता के लिए कागजात भेजे हुए हैं। कुछ ही समय में हमें मान्यता मिल जाएगी। इस पर धनपत राम ने बताया कि अगर स्कूल को मान्यता नहीं दी गई तो बच्चों के दाखिले का क्या होगा। इस पर अधिकारियों ने स्कूल को हिदायत दी की अगर बिना मान्यता के आगे किसी भी बच्चे को दाखिला दिया तो उचित कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को हमने सेंट फ्रांसिस जेवियर स्कूल का निरीक्षण किया। जिसमें पाया कि स्कूल ने मान्यता के लिए कागजात जमा करवा रखे हैं। वह बच्चों को तब तक नहीं पढ़ा सकते जब तक उन्हें लिखित रूप से मान्यता नहीं मिल जाती। अब स्कूल को मंगलवार शाम तक का समय दिया गया है। अगर तय समय में दस्तावेज पूरे नहीं किए जाते हैं तो बुधवार को स्कूल के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
- धनपत राम, जिला मौलिक अधिकारी, सिरसा।