अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
मध्यप्रदेश के मंदसौर में मुआवजे की मांग कर रहे किसानों की हत्या के विरोध में वीरवार को यूथ कांग्रेस की ओर से शहर के रेलवे स्टेशन पर रेल रोको अभियान चलाकर विरोध जाहिर किया गया। चंद कार्यकर्ताओं ने स्टेशन पर खड़ी ट्रेन के इंजन पर सवार होकर कुछ नारे लगाए और फोटो खिंचवाकर नीचे उतर आए।
यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष चंदन गाबा के नेतृत्व में वीरवार सुबह रेलवे स्टेशन परिसर में एकत्रित हुए। जहां पर कार्यकर्ताओं की संख्या मीडिया कर्मियों से भी कम थी। कार्यकर्ताओं को एक पुलिसकर्मी ने बताया कि रेल रोकना अपराध है और जिन लोगों के खिलाफ रेलगाड़ी रोकने को लेकर केस दर्ज होगा उन्हें तारीख भुगतने के लिए बीकानेर अदालत में जाना होगा। ऐसे में कुछ कार्यकर्ता कुछ काम याद आ गया है का बहाना बनाकर बाइक में किक मारते हुए लौट गए। जिलाध्यक्ष चंदन गाबा और सिरसा विधानसभा अध्यक्ष पंकज चौहान के साथ कुछ कार्यकर्ता आए थे। इस बीच सभी की एक राय थी कि सिरसा से लुधियाना जाने वाली ट्रेन पर प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञात हो कि यह ट्रेन हिसार से सिरसा आती है और 20 मिनट रुक वापस हिसार होते हुए लुधियाना चली जाती है।
इस बीच देरी से ट्रेन प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंची तो कार्यकर्ता बैनर आदि लेकर इंजन पर चढ़ गए और केंद्र सरकार और भाजपा विरोधी नारे लगाकर रेल रोको आंदोलन को विराम दे दिया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंदन गाबा ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था किसानों पर ही निर्भर करती है, लेकिन किसान अपने हकों के लिए संघर्ष करने पर मजबूर हैं। मध्यप्रदेश के मंदसौर में भी किसान मुआवजे की मांग कर रहे थे, लेकिन सत्तारूढ़ पार्टी के कहर से नहीं बच पाए। यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में केंद्र सरकार से मांग की है कि किसानों को मौत के घाट उतारने वाले लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए और इस संबंध में कार्रवाई करने वाली सरकार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री को तुरंत प्रभाव से पदमुक्त किया जाए। इस मौके पर सिरसा विधानसभा अध्यक्ष पंकज चौहान, रानियां विधानसभा अध्यक्ष संदीप बाजवा, जिला महासचिव मुकेश जमाल, अजय भांभू, प्रदीप सचदेवा, भारत बाल्मीकि, शुभम केडिया, मुख्तयार ढिल्लो, नायब सिंह थिराज, हैप्पी खाजाखेड़ा, नरेश सोनी, राजकुमार, विनोद, संदीप सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
--------------
फोटो:08:- सिरसा में वीरवार को ट्रेन के इंजन पर सवार होकर भाजपा और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवा कांग्रेस कार्यकर्ता।
------------
किसानों के हत्यारों पर हो सख्त कार्रवाई : चंदन गाबा
यूथ कांग्रेस ने चलाया रेल रोको अभियान