चोपटा। गांव जमाल में सोमवार को 3 मोटरसाइकिलों की आपस में भिड़ंत हो गई। इसमें छह युवक घायल हो गए। दो युवक गंभीर हालत में हैं। इनमें से एक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पांच युवकों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवाया है।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव जमाल के सिरसा-भादरा रोड पर एक बाइक जमाल की तरफ आ रही थी जबकि दूसरी बाइक सिरसा की तरफ से आ रही थी। ऐसे में दोनों आपस में टकरा गईं। इसी दौरान तीसरी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह भी उनसे टकरा गई। बाइकों पर सवार सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने आनन-फानन डायल 112 व एंबुलेंस को सूचना कर दी। इसी दौरान नजदीक के एक हॉस्पिटल के स्टाफ ने प्राथमिक उपचार किया और उन्हें सिरसा रेफर कर दिया। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल 28 वर्षीय जोगिंद्र कुमार निवासी रूपावास, विनोद 26 वर्षीय निवासी रूपावास, भरत सिंह घायल हो गए। उन्हें एंबुलेंस की सहायता से निजी अस्पताल में पहुंचाया गया।
इसके अतिरिक्त संजय और पवन कुमार व अन्य घायलों को उनके परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, सिरसा में निजी अस्पताल में उपचार के दौरान विनोद कुमार की मौत हो गई।