अदालत ने भेजा एक दिन के रिमांड पर, नशे के आदी हैं आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव जोधकां में खेतों से ट्यूबवेल के तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बब्लू, जगरूप व वीरपाल सिंह हुडा सेक्टर 19 सिरसा के रहने वाले हैं।
एसपी दीपक सहारन ने बताया कि गांव जोधकां के राजपाल ने थाने में दी शिकायत में बताया था कि 11 जनवरी 2026 की रात को गांव के छह किसानों के खेत से अज्ञात लोग ट्यूबवेल के तार चोरी करके ले गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि इस वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी चोरी के एक अन्य मामले में सिरसा जेल में बंद हैं।
इसके बाद पुलिस ने तीनों को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने तीनों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि तीनों आरोपी नशे के आदी हैं। नशा पूर्ति के लिए उन्होंने इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपियों से उनके साथियों का पता लगाया जा रहा है।