नशा मुक्ति टीम ने 9 गांवों और 4 वार्डों में 35 नशा पीड़ितों की पहचान की
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर के नेतृत्व में डबवाली पुलिस ने नशा तस्करी और गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया है। इस अभियान के तहत बीते एक सप्ताह में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है।
पुलिस टीमों ने नशा तस्करों के ठिकानों पर दबिश देकर 16 तस्करों को गिरफ्तार किया। नशा तस्करी के मामलों में फरार चल रहे 12 सप्लायरों को भी काबू किया गया है। कुल 28 आरोपी पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 41.720 ग्राम हेरोइन, 60 प्रतिबंधित गोलियां, 2,420 नशे में प्रयुक्त होने वाली गोलियां और 2,475 कैप्सूल बरामद हुए।
पुलिस ने नशा पीड़ितों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए भी अभियान चलाया है। नशा मुक्ति टीम ने 9 गांवों और 4 वार्डों में घर-घर अभियान चलाकर 35 नशा पीड़ितों की पहचान की। इन लोगों को नशा छोड़ने के लिए प्रेरित कर चिकित्सकों से परामर्श व उपचार उपलब्ध करवाया गया।
जागरूकता और पुनर्वास के प्रयास
गांव देसूजोधा में नशा मुक्ति टीम और नागरिक अस्पताल डबवाली के सहयोग से रक्त जांच और दवा वितरण शिविर लगा। शिविर में 32 नशा पीड़ितों की जांच कर दवाएं दी गईं। पुलिस युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए संध्या संवाद कार्यक्रम और जागरूकता रैलियां भी चला रही है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर स्वयं स्कूलों और खेल मैदानों में युवाओं को प्रेरित कर रही हैं।