राजकीय महिला महाविद्यालय में बुधवार को पहले दिन 27 छात्राओं ने साइकोलॉजी विषय की प्रायोगिक परीक्षा दी। वहीं नेशनल कॉलेज ने प्रायोगिक परीक्षाएं वीरवार से होगी। वहीं दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की 24 सितंबर अंतिम तिथि है और 26 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। नेशनल कॉलेज में अब तक 4127 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए आवेदन किया है।
नेशनल कॉलेज में होने वाली प्रायोगिक परीक्षाएं वीरवार से शुरू हो रही है। कॉलेज विभाग के अनुसार प्रायोगिक परीक्षार्थियों को सुबह साढ़े दस बजे के बाद ही कॉलेज में आना होगा। क्योंकि नेशनल कॉलेज में परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों का समय सुबह साढ़े नौ बजे से लेकर दोपहर साढ़े 12 बजे तक होता है। जब विद्यार्थियों की परीक्षा शुरू हो जाएगी उसके बाद ही अन्य विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू करवाई जाएगी। वहीं दोपहर में साढ़े 12 बजे परीक्षा खत्म होने के बाद प्रायोगिक परीक्षार्थियों को दोपहर डेढ़ बजे बाहर निकाला जाएगा। इसका मुख्य कारण है कि दोनों परीक्षाओं में विद्यार्थी एक साथ न मिले और कॉलेज परिसर में भीड़ न बढ़ाएं। कोरोना संक्रमण के बचाव को लेकर कॉलेज विभाग ने विद्यार्थियों को आदेश दिए हैं कि अगर कोई विद्यार्थी बिना मास्क आता है तो उसको अंदर नहीं आने दिया जाएगा और वहीं आने के बाद दो जगहों पर विद्यार्थियों को सैनिटाइज किया जाएगा।
सैनिटाइज करने बाद छात्राओं को मिला प्रवेश
राजकीय महिला महाविद्यालय सिरसा में बुधवार को पहले दिन प्रायोगिक परीक्षाएं ली गई। जिस दौरान साइकोलॉजी की 27 छात्राएं उपस्थित रही। वहीं छात्राओं के कॉलेज में आते ही महाविद्यालय के कर्मचारियों ने सभी को सैनिटाइज किया और उसके बाद ही उन्हें कक्षाओं में बैठाया गया। नेशनल कॉलेज में बीएससी, कॉमर्स, कला संकाय और बीकॉम की कक्षाओं में करीब एक हजार विद्यार्थी हैं, जिनकी प्रायोगिक परीक्षाएं वीरवार को होगी।
परीक्षा नहीं देने वालों की नहीं होगी अनुपस्थिति दर्ज
प्रायोगिक परीक्षाओं के दौरान अगर कोई विद्यार्थी अनुपस्थित रहता है तो नेशनल कॉलेज या राजकीय महिला महाविद्यालय में उसकी अनुपस्थिति नहीं मानी जाएगी। कॉलेज प्रशासन विद्यार्थी को फोन कर जानकारी देगा और विद्यार्थी से परीक्षा न देने का कारण पूछा जाएगा कि उसने परीक्षा क्यों नहीं दी। कॉलेज प्रशासन को 30 सितंबर से पहले विद्यार्थियों से संपर्क करना होगा। क्योंकि उसके बाद प्रायोगिक परीक्षाओं को परिणाम कॉलेज को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड करना होगा। जो परीक्षार्थी कॉलेज से अनुपस्थित रहेगा उसकी प्रायोगिक परीक्षा ऑनलाइन ही ली जाएगी। जिसके लिए विद्यार्थी को अपने स्टाफ से संपर्क में रहना पड़ेगा।
अब तक 4127 विद्यार्थियों ने किया है आवेदन
जिले में स्नातक की कक्षाओं में दाखिले के ऑनलाइन आवेदन के लिए वीरवार को अंतिम दिन है। नेशनल कॉलेज में 4127 विद्यार्थियों ने आवेदन किया है। जिसमें कला संकाय में 2890, बीएससी में 501, बी कॉम में 410, बीएससी मेडिकल में 235, बीए सायं में 52 और बीए ऑनर्स में 39 विद्यार्थियों ने अपना आवेदन किया है। वहीं महिला महाविद्यालय में 1656 छात्राओं ने आवेदन किया है। जिसमें बीए में 1448 और बीकॉम में 208 छात्राओं ने आवेदन किए हैं। वहीं दाखिले के लिए विद्यार्थी वीरवार रात 12 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिसके बाद 26 सितंबर को मेरिट सूची जारी की जाएगी। वहीं कागजात वेरिफिकेशन और मेरिट सूूची के लिए विद्यार्थियों को कॉलेज में नहीं आना पड़ेगा।
कोट
वीरवार से प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू की जा रही है। कॉलेज में भीड़ ना बढ़े इसलिए रेगुलर परीक्षा और प्रायोगिक परीक्षा देने वालों का समय अलग रखा गया है। वहीं विद्यार्थियों के लिए सैनिटाइजर की भी व्यवस्था की गई है। अगर कोई परीक्षार्थी नहीं आता है तो कॉलेज विभाग उनसे संपर्क करेगा और ऑनलाइन परीक्षा संबंधी जानकारी देगा।
-रामकुमार जांगड़ा, प्राचार्य नेशनल कॉलेज सिरसा।