सिरसा। गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज की सुविधा देने के लिए चिरायु योजना के तहत सोमवार को जिले में 234 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। सिरसा में 154 जबकि डबवाली में 80 लाभार्थियों को प्रशासन की ओर से कार्ड उपलब्ध करवाए गए। जिले के 1 लाख 64 हजार 450 लोगों को इस योजना के तहत जोड़ा गया है। लाभार्थी जिले के 39 निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त में इलाज ले सकते हैं। सिरसा में सांसद सुनीता दुग्गल और डबवाली में विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए। कार्ड मिलने के बाद लाभार्थी के चेहरों पर भी काफी खुशी देखने को मिली।
केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना में चिरायु योजना के तहत जोड़े गए लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड देने के लिए सीडीएलयू के मल्टीपर्पज हॉल में कार्यक्रम किया गया। यहां सांसद सुनीता दुग्गल मुख्य उपस्थित रहीं। वहीं डबवाली के सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा मौजूद रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। सांसद ने 90 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड देकर योजना का आरंभ किया। इस दौरान विभाग ने मौके पर ही 64 आयुष्मान कार्ड भी बनाकर दिए गए। उपायुक्त पार्थ गुप्ता ने सांसद सुनीता दुग्गल का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया। सांसद सुनीता दुग्गल ने कहा कि योजना के तहत अब 1 लाख 80 हजार रुपए प्रतिवर्ष आय वाले अंत्योदय परिवार लाभपात्र होंगे।
जिले में पहले भी 55 हजार 987 लाभार्थियों के बन चुके हैं गोल्डन कार्ड
आयुष्मान योजना के तहत जिले में 4 लाख 2 हजार 301 लाभार्थियों को इस योजना में शामिल किया गया था। इनके अतिरिक्त योजना के तहत 1 लाख 64 हजार 450 ओर लाभार्थियों को भी आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत जोड़ा गया है। जिले में 49 सूचीबद्ध अस्पताल आयुष्मान भारत योजना का लाभ दे रहे हैं। जिसमें से 10 सरकारी तथा 39 निजी अस्पताल शामिल हैं। इसके अलावा अब तक 27 हजार 378 से अधिक मरीज इसका लाभ ले चुके हैं। अस्पताल द्वारा 33 करोड़ 83 लाख 33 हजार 403 रुपये क्लेम किए जा चुके हैं। जिले में 55 हजार 987 लोगों के आयुष्मान कार्ड बन चुके हैं। नए लाभार्थी नजदीकी सरल सेवा केंद्र पर जाकर अपना आयुष्मान कार्ड निशुल्क बनवा सकते हैं।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, प्रदेश मंत्री भाजपा सुरेंद्र आर्य, पूर्व विधायक बलकोर सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा, पूर्व चेयरमैन रेणू शर्मा, प्रधान महाराजा अग्रसेन ट्रस्ट अनिल गनेरीवाला, पद्म जैन, रतन जमालिया, हरि प्रकाश शर्मा, सुनील बहल, अध्यक्ष स्वर्णपरी संस्था सुमन शर्मा, नगराधीश अजय सिंह, उप सिविल सर्जन डॉ. प्रमोद कुमार, जिला मैनेजर आयुष्मान भारत योजना अंजली मेहता, डॉ. संदीप गुप्ता, किशोरावस्था काउंसलर डॉ. कमल कक्कड़ आदि उपस्थित रहे।
डबवाली में गंगवा ने 80 लाभार्थियों को वितरित किए आयुष्मान गोल्डन कार्ड
वहीं डबवाली में भी हरियाणा विधानसभा डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा ने सोमवार को सामान्य अस्पताल में आयोजित आयुष्मान भारत योजना के तहत कार्यक्रम में 80 लाभार्थियों को गोल्डन कार्ड वितरित किए। एसडीएम शंभू राठी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बीजेपी जिला अध्यक्ष आदित्य देवीलाल भी उपस्थित रहे। डिप्टी स्पीकरण रणबीर गंगवा ने कहा कि प्रदेश सरकार अंत्योदय की भावना के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित कर रही है। सरकार अंतिम पंक्ति पर खड़े हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कृत संकल्पित है। आयुष्मान भारत योजना का लाभ प्रदेश के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आयुष्मान योजना को परिवार पहचान पत्र से जोड़ते हुए, इसके विस्तारीकरण का शुभारंभ कर दिया है। इस अवसर पर नायब तहसीलदार ओमवीर, एसएमओ एमके भादू, बालेश बांसल, डॉ. राहुल गर्ग, देवकुमार शर्मा, सुखवंत सिंह आदि उपस्थित रहे।
हर्बल गार्डन में लगाया पौधा, ऑक्सीजन प्लांट का किया निरीक्षण
डिप्टी स्पीकरण रणबीर गंगवा ने डबवाली के हर्बल पार्क में पौधरोपण करते हुए उपमंडल वासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में बने ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण भी किया और इस प्रोजेक्ट की सराहना की।
आयुष्मान योजना की लिस्ट में नाम आने की सुबह ही जानकारी मिली है। जिसके बाद यहां पर पहुंचे है। मजदूरी करते हैं। ऐसे में अगर कोई बीमार हो जाता है तो निजी अस्पताल में इलाज लेना हैसियत से ही बाहर है। अब कार्ड बनने के बाद बेहतर उपचार मिल पाएगा।
-विद्या देवी, मेला ग्राउंड
घर की स्थिति बेहद ही खराब है। अगर कोई बीमार होता है तो खर्चा उठाने की बड़ी समस्या हो जाती है। योजना में शामिल होने पर अब निजी अस्पताल में भी मुफ्त इलाज मिल सकेगा। सरकार की ओर से दी गई योजना गरीबों के लिए बेहद लाभकारी है।
-कमला, गोशाला मोहल्ला,
कपड़ों की दुकान पर काम करता हूं और वेतन भी बेहद ही कम है। माह का खर्चा ही मुश्किल से निकाल पाते हैं। अगर किसी तरह की परेशानी आती है तो निजी अस्पताल में इलाज करवाना तो दूर की बात है। अब कार्ड बना है, जिससे स्वास्थ्य संबंधित सेवा मुफ्त में प्राप्त हो सकेंगी।
-राजकुमार, शिव चौक
दिहाड़ी मजदूरी करता था, लेकिन हृदय संबंधी परेशानी के कारण अब काम भी नहीं हो पाता और इलाज भी सही तरह से नहीं हो पाया। अब कार्ड बनने की जानकारी मिली है। जिससे मुफ्त में निजी और अच्छे अस्पतालों में इलाज मिल सकेगा।
-अवतार सिंह, प्रेम नगर
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद उपायुक्त पार्थ गुप्ता- फोटो : Sirsa