सिरसा। जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को 22 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले। जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या अब 575 हो गई है।
शहर में लोग सामाजिक दूरी और मास्क लगाने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसके नतीजे में संपर्क में आ रहे लोग संक्रमित हो रहे हैं। रविवार को आई रिपोर्ट के अनुसार जिले के 22 लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हुए हैं। जिनमें संक्रमितों में 6 केस कंगनपुर रोड से हैं, दो केस बांसल कॉलोनी से, एक हुडा सेक्टर, एक रानियां के गांव हारनी से, एक कालांवाली से पुलिस कर्मी, एक कालांवाली से, एक रानियां गेट सिरसा, एक लक्कड़ मंडी सिरसा, एक गांव लौहगढ़ से, एक शहर के सूरतगढ़िया बाजार से और एक केहरवाला गांव का युवक संक्रमित पाया गया है। वहीं पांच संक्रमितों को ठीक होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। संक्रमित रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य व प्रशासनिक टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। आसपास के इलाकों को सील कर दिया है। गलियों में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैनिटाइजेशन करवाया जा रहा है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
शहर थाने में भी नहीं रुक रहा कोरोना कहर
शहर थाना सिरसा में दो दिन से लगातार कोरोना संक्रमित मरीज पाए जा रहे हैं। वहीं शहर थाने के पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने करीब 55 पुलिस कर्मियों के सैंपल जांच के लिए भेज दिए। अब तक शहर थाने में पांच कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वहीं रविवार को भी एक संक्रमित की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
निजी अस्पताल से मिले दो संक्रमित
जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं, लेकिन शहर के निजी अस्पताल न तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही आने वाले मरीजों को सैनिटाइज। जिस कारण प्रतिदिन बढ़ने वाले मरीजों के आंकड़े में निजी अस्पताल के भी संक्रमित मिल रहे हैं। रविवार को दो संक्रमित एक निजी अस्पताल से मिले हैं, वहीं एक अस्पताल के दो चिकित्सक भी संक्रमित हैं। उसी अस्पताल में एक कोरोना संक्रमित की मौत भी हुई थी और शनिवार को भी एक और संक्रमित वहां पर पाया गया था।
26489 नमूने लिए गए हैं
बता दें कि अब तक जिलेभर से 26489 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 575 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 25968 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 261 केस अभी एक्टिव हैं, जिनमें से 98 होम क्वारंटीन हैं और 163 अस्पताल में दाखिल हैं। 24 लोगों की रिपोर्ट अभी आना शेष है। जिले में अब तक कोरोना से 6 लोगों की मौत हो चुकी है।
बाजारों में नहीं हो रहा मास्क और सामाजिक दूरी का पालन
जैसे-जैसे जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ रहा है, वैसे ही लोगों का कोरोना को लेकर भय भी खत्म हो रहा है। लोगों का मास्क अब नाक और मुंह से नीचे सरककर ठोड़ी तक आ गया है। बाजारों में प्रतिदिन लोगों की भीड़ भी बढ़ रही हे। जिसमें न ही कोई सामाजिक दूरी होती है और अधिकतर लोग बिना मास्क ही बाजारों में घूम रहे हैं।
संपर्क में आने वालों की जांच कर रहे हैं
जिले में 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। संक्रमितों की संख्या अब 575 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने संपर्क में आने वालों की जांच शुरू कर दी है।
-डॉ. सुरेंद्र नैन, सिविल सर्जन स्वास्थ्य विभाग सिरसा।