पेट्रोल में मिलावट मिलने पर उपभोक्ताओं व ग्रामीणों ने किया हंगामा
कालांवाली। गांव पिपली में एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में पानी की मिलावट मिलने पर ग्रामीणों ने पंप संचालक व प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान अधिकारियों ने पेट्रोल के सैंपल भी लिए।
जगमालवाली के किसान अमरीक सिंह ने बताया कि उसने आज अपने बाइक में पिपली में डबवाली रोड पर स्थित मेहरा फिलिंग स्टेशन पेट्रोल पंप से 200 रुपये का पेट्रोल डलवाया था। उसे कनकवाल स्थित रिफाइनरी में जाना लेकिन रास्ते में ही बाइक बंद हो गया। इसके बाद उसने पिपली में मिस्त्री को बाइक चैक करवाया तो जांच के दौरान पेट्रोल में पानी की मिलावट पाई गई। अमरीक सिंह ने बताया कि उसने बाइक से पानी युक्त पेट्रोल को बोतल में डालकर पंप पर लेकर आया और पंप के मालिक को मिलावट के बारे में बताया, लेकिन मालिक ने उसकी कोई बात नहीं सुनी। इसके बाद गांव खोखर निवासी भगत सिंह, पिपली के नारायण शर्मा व चोरमार के सेमा सिंह भी मौके पहुंचे और उन्होंने भी बाइक में डलवाए गए पेट्रोल में पाली की मिलावट होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि बाइक में पानीयुक्त पेट्रोल डलने के बाद उनके बाद बाइक बंद हो गए। ग्रामीणों ने हंगामा कर पंप संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना मिलने पर कालांवाली थाना प्रभारी सुखजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत किया। इसके बाद इंडियन ऑयल कंपनी के अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक कशमीरी लाल, नापतोल विभाग के हंस राज आदि मौके पर पहुंचे। इंडियन ऑयल कंपनी के सेल्स अधिकारी राजेश कुमार की ओर से पेट्रोल का सैंपल लिया गया। उसे जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा ,उसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। पंप संचालक जगसीर सिंह ने बताया कि पेट्रोल में इंथाल नामक केमिकल मिलाया जाता है उसकी मात्रा थोडी़ सी भी कम या ज्यादा होने पर उक्त समस्या पेश आ जाती है।