अब तक तीन महिलाओं सहित 13 आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
डबवाली। चौकी गोरीवाला पुलिस ने गांव कालुआना में हुए आपसी संघर्ष के मामले में दो और आरोपियों भगवान दास उर्फ बिट्टू व रामकरण उर्फ करण को गिरफ्तार किया है। अब तक दोनों पक्षों से संबंधित तीन महिलाओं सहित कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता उप निरीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि 29 जुलाई 2026 को गांव कालुआना में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना हुई थी। इसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए थे।
सूचना मिलते ही चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह की टीम द्वारा दोनों पक्षों की शिकायतों, चिकित्सकीय रिपोर्ट एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर अलग-अलग अभियोग दर्ज कर निष्पक्ष अनुसंधान शुरू किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने 3 अगस्त को दोनों पक्षों से 6 आरोपियों नरेंद्र, रणजीत, रजत, राजेंद्र कुमार, रवि व विकास को गिरफ्तार किया था और वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किए गए।
10 अगस्त को दो अन्य आरोपियों अजय कुमार व देवीलाल को भी गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडे भी बरामद किए गए। इसी क्रम में 25 अगस्त को तीन महिला आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया ।
पुलिस ने अब इस मामले में एक माह से फरार चल रहे दो आरोपियों भगवान दास व रामकरण को गिरफ्तार किया है।