मामले की जांच साइबर क्राइम यूनिट डबवाली को सौंपी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
ओढ़ां। साइबर ठगों ने एक व्यक्ति को उसके परिचित की परेशानी का हवाला देकर 1 लाख 96 हजार रुपये की ठगी का शिकार बनाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह घटना व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से हुई।
पुलिस को दी शिकायत में राम ने बताया कि वह राजस्थान के परलीका गांव का निवासी है। वह वर्तमान में रोहिड़ांवाली क्षेत्र में रहता है। उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप से एक संदेश आया था। संदेश भेजने वाले ने खुद को उसके परिचित अंकित चौधरी से जुड़ा बताया।
उसने कहा कि अंकित का पासपोर्ट समाप्त हो गया है और पैसे न भेजने पर उसे भारत भेज दिया जाएगा। राम आरोपी की बातों में आ गया। उसने अलग-अलग किस्तों में क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 1 लाख 96 हजार रुपये ट्रांसफर किए।
बाद में राम को ठगी का एहसास हुआ। उसने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। जांच अधिकारी विजय सिंह ने बताया कि इस संबंध में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच साइबर क्राइम यूनिट डबवाली को सौंपी गई है।