सीआर के खाली पदों को भरने के लिए सरकार से मांगी गाइडलाइन
सिरसा। छात्र संघ चुनावों में योग्यता पूरी न करने वाली सीआर के पदों को भरने के लिए विश्वविद्यालय ने सरकार से गाइडलाइन मांगी है। सीडीएलयू में करीब 82 सीआर के पदों में से अधिकांश चेयरपर्सन द्वारा नामित सदस्यों द्वारा भरे जाने हैं। सीडीएलय में जिन पदों पर सीआर के नामांकन रद्द हुए है या आवेदन ही नहीं आए। उसे भरने के लिए राय मांगी है। क्योंकि यदि पिछले सत्र के किसी टापर्स स्टूडेंट्स को सीआर बनाया जाता है, तो उस पर गैप इयर या 25 साल की उम्र का नियम भी लागू होता है या नहीं। सीडीएलयू के 82 सीआर के पदों में से केवल 17 पर ही चुनाव होंगे। 109 आवेदकों में से स्क्रूटिंग के बाद 41 उम्मीदवार ही मैदान में आए। कई सीआर पदों पर एक, एक नामांकन ही आया और ज्यादातर सीआर के पद पर चेयरपर्सन द्वारा भेजे गए नामों पर सीडीएलयू ने मोहर लगानी है। सीडीएलयू के 17 पदों के लिए सबसे अधिक 22 लड़कियों ने आवेदन किए है। इसमें से 17 सामान्य केटेगरी की, बीसी ए से दो, बीसीबी से एक, एससी से दो छात्राएं है। जबकि लड़कों में से सात सामान्य जाति के, बीसीए के पांच, बीसीबी के एक, एससी के 6 उम्मीदवार चुनाव मैदान में है।
फिजिकल विभाग के 120 छात्रों की आयु 25 से ज्यादा
बता दे कि सीडीएलयू में फिजिकल विभाग में 120 छात्रों में से कोई भी छात्र 25 साल से कम आयु का नहीं है7 इसलिए चार सीटों के लिए कोई भी छात्र नामांकन दाखिल नहीं कर पाया। इसी प्रकार से मास कम्युनिकेशन विभाग के पांचवें सेमेस्टर में सभी छात्रों की कंपार्टमेंट है, इसलिए नामांकन दाखिल नहीं हुआ। इसके अतिरिक्त, पंजाबी, संस्कृति विभागों में भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं हो पाए।
प्रधान, उप प्रधान, संयुक्त सचिव और सचिव के लिए बनाए गए दो बूथ
चारों पदों के लिए सीआर वोटिंग करेंगे। इसके लिए दो पोलिंग बूथ बनाए गए है। कामर्स मेनेंजमेंट, लाइफ साइंस, एजुकेशन व फिजिकल साइंस के छात्र बूथ नंबर एक पर वोटिंग करेंगे। इसके आब्जर्वर डा. रविंद्र पाल और असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर अमित सांगवान और डा. रचना को बनाया गया है। जबकि बूथ नंबर दो पर लॉ, सोशल साइंस विभाग के सीआर वोटिंग करेंगे। इसके रिटर्निंग ऑफिसर डा. अशोक मक्कड़, असिस्टेंट रिटर्निंग ऑफिसर कमलेश रोहताश को बनाया गया है।
सोमवार को गेट पर हुई लड़ाई
सोमवार को सीआर उम्मीदवारों के दो प्रत्याशियों के बीच झगड़ा हो गया। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर डंडों से हमला किया। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों पक्षों के समर्थक गाड़ी में सवार होकर भाग गए। पुलिस ने विश्वविद्यालय के आसपास मौजूद कई युवकों से पूछताछ की। उक्त युवक भी उम्मीदवरों के समर्थक निकले। लेकिन वेे झगड़े में शामिल नहीं थे। इसलिए हुडा चौकी पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया। तत्पश्वात विश्वविद्यालय के अंदर सुरक्षा कड़ी कर दी गई। तमाम रास्तों पर बेरिकेडस लगा दिए गए। सुबह से लेकर शाम तक विश्वविद्यालय कें अंदर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की जांच की गई।
सीआर के पदों को भरने के लिए मांगी है गाइडलाइन
खाली सीआर के पदों को भरने के लिए हमने सरकार से गाइडलाइन मांगी है, ताकि किसी भी प्रकार की विरोधाभास स्थिति पैदा न हो।
राजकुमार सिवाच, कार्यकारी रजिस्ट्रार, सीडीएलयू सिरसा।