ग्रुप-डी का कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट शनिवार को दो चरणों में शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। पहले दिन 27 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सरकारी आंकड़ों पर गौर किया जाए तो परीक्षा देने में महिलाएं पुरुषों से आगे रहीं। दोनों सत्र में 9709 महिलाओं ने परीक्षाएं दी जबकि पुरुषों की उपस्थिति 8891 रहीं।
सीईटी परीक्षा को लेकर प्रशासन ने कड़े बंदोबस्त किए। दो सत्रों में 26519 अभ्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए पहुंचना था। इनमें से 19094 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 7411 अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए नहीं पहुंचे। सीडीएलयू के सेंटर पर एक अभ्यर्थी अपनी एक ही उत्तर पुस्तिका जमा कर चला गया। जबकि परीक्षा के बाद दो उत्तर पुस्तिकाओं को जमा करवाना था। इसके बाद सेंटर पर तैनात अधिकारी उक्त अभ्यर्थी के साथ संपर्क साधते रहे। शहर के बेगू रोड पर स्थित परीक्षा केंद्र पर एक युवक दूसरे युवक की जगह परीक्षा देते हुए पकड़ा गया है। हिसार जिले के गांव पुट्ठी समैन निवासी राहुल फतेहाबाद के देहमान निवासी बयंत सिंह की जगह पर परीक्षा दे रहा था। वहीं पुलिस की ओर से सीएमके कॉलेज के पास खुली एक फोटोस्टेट की दुकान बंद करवाई और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
350 से अधिक बसों की दी गई सुविधा
रोडवेज की ओर से 350 से अधिक बसों को शहर व दूसरे जिले में अभ्यर्थियों को सुविधा देने के लिए भेजा गया है। बीते दिन से ही बस स्टैंड पर अभ्यर्थियों की काफी भीड़ जुट रही है। सुबह से शाम तक बसें भरकर चलती हुई नजर आईं। इस दौरान कई पुरुष अभ्यर्थियों को आने-जाने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस बल और अंदर एजेंसी के कर्मचारी तैनात रहे। ताकि परीक्षा के दौरान कोई भी हलचल व नकल जैसी स्थिति न हो पाए।
पहले सत्र में
कुल परीक्षार्थी - 13559
परीक्षा में बैठे 9844
अनुपस्थित रहे - 3701
महिला परीक्षार्थी - 4947
पुरुष परीक्षार्थी - 4500
पीडब्ल्यूडी परीक्षार्थी - 136
दूसरे सत्र में
कुल परीक्षार्थी - 12960
परीक्षा में बैठे 9250
अनुपस्थित रहे - 3710
महिला परीक्षार्थी - 4762
पुरुष परीक्षार्थी - 4391
पीडब्ल्यूडी परीक्षार्थी - 97
परीक्षा समाप्त होने के बाद रोड पर बढ़ी वाहनों की संख्या
सुबह व शाम की शिफ्ट की परीक्षा खत्म होने के बाद रोड पर भी वाहनों की काफी संख्या देखने को मिली। दोपहर के समय शहर के हिसार रोड, डबवाली रोड और बरनाला रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी थी। आधे घंटे के बाद स्थिति सामान्य हो गई। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस की ओर से यहां पर बैरिकेड्स और चौक चौराहों पर जवान तैनात रहे। बस स्टैंड के आसपास खड़े होने वाले रेहड़ी संचालकों और ऑटो चालकों को वहां से हटा दिया गया और रूट भी डायवर्ट कर दिए गए।
रात एक बजे से बस स्टैंड पर भीड़, अंबाला के लिए अधिक बसें की रवाना
रोडवेज की ओर से अभ्यर्थियों को मुफ्त में यात्रा करवाने के लिए 170 रोडवेज व 95 सहकारी समिति की बसों का संचालन किया गया। इन सभी बसों को अंबाला, हिसार और फतेहाबाद के लिए रवाना किया गया है। इसमें सबसे अधिक अभ्यर्थी अंबाला के रहे। वहीं शहर के परीक्षा केंद्रों तक अभ्यर्थियों को पहुंचाने के लिए भी रोडवेज ने निजी स्कूलों व कॉलेजों की 74 बसों को रिजर्व रखा और उन पर रूट की जानकारी दर्ज कर स्कूलों वैनों व बसों को रवाना किया गया है।
रूमाल, आभूषण, बेल्ट और रबड़ तक भी उतरवाएं
परीक्षा देने के लिए सरकार की ओर से पहले ही अभ्यर्थियों को जानकारी दी गई थी कि केंद्र में कोई भी अभ्यर्थी मोबाइल, रूमाल, बेल्ट, पेन, रबड़ और कोई भी आभूषण डालकर नहीं जाएगा। इसके बाद भी महिला अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए आभूषण सहित अन्य सामान लेकर पहुंची। ऐसे में उनके मौके पर ही आभूषण उतारने के निर्देश दिए गए। युवकों को मोबाइल, बैग और अन्य सामान रखने को लेकर भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को 38 केंद्रों पर 26 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
जिले में रविवार को भी 38 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। इन केंद्रों पर करीब 26 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे।