संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। पानीपत में प्रधानमंत्री की रैली के लिए जिले से भी कई बसों को भेजा जा रहा है। कुल 58 बसें कैथल के लिए रवाना कर दी गईं। सोमवार को 19 बसें सिरसा के कई स्थानों से पानीपत जाएंगी। रोडवेज ने सभी बसें जिला प्रशासन को सौंप दी हैं।
इस कारण स्थानीय और लंबे मार्गों पर बसों की कमी रहेगी। सिरसा डिपो में सोमवार को यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इसलिए यात्री आजकल यात्रा शुरू करने से पहले बसों की उपलब्धता जान लें।
लंबे और स्थानीय मार्गों पर भले ही प्रशासन व्यवस्था बनाने की कोशिश करेगा लेकिन 77 बसों की कमी के कारण कई मार्गों की बसों में कटौती होगी। दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान समेत कालांवाली, रोड़ी, ओढ़ां, रानियां, डबवाली आदि मार्गों पर बसों की कटौती की गई है। इस कारण कॉलेज आने वाले विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
पानीपत में रैली के लिए परिवहन विभाग ने सिरसा डिपो की 107 बसों को आरक्षित रखा था। सिरसा डिपो की तरफ से 58 बसें कैथल और 30 बसें जींद डिपो को दी जानी थी।
रविवार दोपहर बाद 58 बसों को कैथल रवाना कर दिया गया। सोमवार को 19 बसें सिरसा से पानीपत के लिए रवाना होंगी। इस कारण सिरसा और डबवाली डिपो की बसों के भरोसे रहने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। े