कालांवाली। नगरपालिका प्रधान व उप-प्रधान की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट नगर पार्षदों की ओर से उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। अविश्वास प्रस्ताव के लिए वोटिंग का समय 11 बजे तय किया गया था। लेकिन अविश्वास प्रस्ताव के दिन एसडीएम मनोज खत्री के अवकाश पर चले जाने के चलते स्थगित हो गया। नगरपालिका प्रशासन की ओर से सूचना बोर्ड पर नोटिस लगा दिया कि अविश्वास प्रस्ताव की कार्रवाई स्थगित की जाती है। पीठासीन अधिकारी के अवकाश पर चले जाने के कारण अविश्वास प्रस्ताव के स्थगित होने से प्रधान व उपप्रधान अब अपने पद पर बने रहेंगे। प्रशासन की ओर से इसके लिए अब नई तिथि तय की जाएगी। जिसके बाद नाराज नगर पार्षदों ने पूर्व नगरपालिका प्रधान तरसेम बांसल के नेतृत्व में नगरपालिका कार्यालय में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया।
वाड़ॱर 5 के पार्षद संदीप वर्मा संजू ने कहा कि प्रशासन ने सरकार के दबाव में आकर अविश्वास प्रस्ताव को स्थगित किया है जो कि सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि प्रधान व उपप्रधान के खिलाफ सभी पार्षद एकजुट है। सरकार चाहे कितना ही प्रयास कर लें लेकिन वे प्रधान व उपप्रधान की कुर्सी गिरा कर ही दम लेंगे। वार्ड 7 के नगर पार्षद अमरजीत जिंदल ने कहा कि प्रशासन ने चुनाव स्थगित करवा कर लोकतंत्र की हत्या की है। वे इसकी कड़ी निंदा करते है। उन्होंने कहा कि प्रधान व उपप्रधान अपना बहुमत खो चुके हैं। उन्हें अपने पदों पर रहने का कोई अधिकार नहीं है, लेकिन सरकार के दबाव में प्रशासन उनका सहयोग कर रहा है,जोकि निंदनीय है। पार्षद प्रतिनिधि महेश झोरड़ व सुनील अहलावत ने कहा कि प्रधान व उपप्रधान के खिलाफ पहले भी सभी पार्षद एकजुट थे और अब भी एकजुट है। इसके अलावा पूर्व पालिका प्रधान तरसेम बांसल स्टॅार, महेश झोरड, बोबी सिंगला, पार्षद प्रतिनिधि मुकेश कुमार, बहादुर सिंह, दीपू धर्मपुरा, सुनील अहलावत मौजूद थे।
ये पार्षद लाए थे अविश्वास प्रस्ताव
नगरपालिका प्रधान सोनू व उपप्रधान मनीष जिंदल के खिलाफ गत 28 मार्च को शहर के नगर पार्षद अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। जिसमें वार्ड 1 की नगर पार्षद सुनीता नागर, वाड़ॱर नंबर 3 की पूजा, वाड़ॱर नंबर 4 की रजनी, वार्ड नंबर 6 की शालू सिंगला, वाड़ॱर नंबर 7 के अमरजीत जिंदल, वाड़ॱर नंबर 8 के अमृतपाल, वाड़ॱर नंबर 9 के राजीव गर्ग, वाड़ॱर नंबर 12 के हरबंस सिंह, वाड़ॱर नंबर 13 की अनु रानी, वाड़ॱर नंबर 14 के हर्ष बांसल शामिल थे। इन्होंने एकत्रित होकर डीसी सिरसा के नाम शपथपत्र सौंपकर उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की थी। जिस पर प्रशासन की ओर से अविश्वास प्रस्ताव के लिए बैठक का समय 26 अप्रैल प्रात: 11 बजे का समय तय किया था।
कोट्स
पीठासीन अधिकारी मनोज खत्री के किसी कारणवश बैठक में न पहुंचने के कारण शुक्रवार की बैठक स्थगित करनी पड़ी। प्रशासन के आदेशानुसार आगामी तिथि तय की जाएगी। जिसकी सूचना नगर पार्षदों को दे दी जाएगी।
संदीप सोलंकी, नप सचिव।