शहर में डेंगू के दो और मलेरिया के पांच मरीज मिले, छह घरों में लारवा
सिरसा। जुलाई माह को एंटी मलेरिया और डेंगू माह के रूप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मनाया जा रहा है। अब तक शहर में डेंगू के दो और मलेरिया के 5 मरीज सामने आ चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. गोविंद गुप्ता ने शुक्रवार को चतरगढ़पट्टी में अर्बन मलेरिया स्कीम व सक्षम कर्मचारियों द्वारा चलाई जा रही एंटी लारवा एक्टिविटी व रुफ क्लीनिंग के कार्य का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उप सिविल सर्जन (मलेरिया) सिरसा डॉ. दीप भी मौजूद थीं। जांच में 6 घरों में लारवा पाया गया, जिन्हें विभाग की ओर से नोटिस थमाए गए हैं। बरसात के कारण जिन स्थानों पर पानी खड़ा था, वहां और पानी की टंकियों में भी दवाई डलवाई गई। इसके अलावा कूलरों व गमलों को खाली करवाया गया।
सिविल सर्जन डॉ. गुप्ता ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से लगातार जिले में एंटी लारवा की जांच का कार्य किया जा रहा हैं। डॉ. गोविंद गुप्ता ने जिला वासियों से अपील की है कि वे अपने घरों के आस पास पानी इकट्ठा न होने दें। घर में रखे फूलदानों का पानी नियमित बदलते रहें, यदि कूलर बंद है तो उसका पानी सुखाकर रखें। घर में बेकार पड़े टायर व डिब्बों में पानी इकट्ठा न होने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू का मच्छर दिन में काटता है। अत: पूरी बाजू के कपड़े पहन कर रखें, घरों के दरवाजे व खिड़कियों पर जाली लगा कर रखें। उन्होंने कहा कि बुखार होने पर तुरंत अपने नजदीकी सरकारी अस्पताल में रक्त की जांच करवाएं तथा मलेरिया पाए जाने पर 14 दिन का पूर्ण उपचार निशुल्क उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि सामान्य अस्पताल सिरसा में डेंगू वार्ड अलग से बनाया गया है। साथ ही सामान्य अस्पताल सिरसा में डेंगू के टेस्ट करने व इलाज की पूरी सुविधाएं नि:शुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने निजी अस्पतालों, लैब संचालकों को आदेश दिए हैं कि वे डेंगू टेस्ट के 600 रुपये से अधिक न लें।