अमर उजाला ब्यूरो
डबवाली।
डबवाली की विधायक नैना चौटाला ने एक बार फिर से डबवाली अग्निकांड पीड़ितों की आवाज बनकर उनकी समस्याओं व मांगों को गंभीरता से प्रदेश सरकार के सामने उठाया है। विधायक ने डबवाली अग्निकांड से पीड़ित परिवारों की ओर से प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर उनकी मांगों को पूरा करने की गुहार लगाई है। विधायक नैना चौटाला ने कहा है कि डबवाली में हुए अग्निकांड में अनेक लोग घायल हुए थे, जिनका आज तक सही से इलाज नहीं हो पाया है। प्रदेश सरकार को चाहिए कि सभी घायल हुए पीड़ितों का दोबारा अच्छे व विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम से मेडिकल करवाया जाए। इसके बाद रिपोर्ट व जरूरत के आधार पर पीड़ितों का जहां से वे चाहे उनका इलाज व सर्जरी प्रदेश सरकार अपने खर्च पर करवाए।
इनमें से कई पीड़ित ऐसे है जिनका इलाज अगर अपने देश में संभव न हो तो इनका विदेशों से सरकारी खर्च पर इलाज व सर्जरी करवाई जाए। इसके अलावा अग्निकांड पीड़ितों के रोजगार का प्रबंध करने को भी कहा गया है ताकि वे अपना जीवन यापन आसानी से कर सकें। साथ ही पीड़ितों व उनके परिजनों के लिए सभी प्रकार की सरकारी सुविधाएं जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास आदि निशुल्क मुहैया करवाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की गई है।
प्रदेश के सीएम मनोहर लाल को पत्र लिखकर विधायक नैना चौटाला ने कहा है कि प्रदेश के सीएम को संवेदनशीलता दिखाते हुए अग्निकांड पीड़ितों की मांगों को तुरंत प्रभाव से कदम उठाते हुए पूरा करे। पत्र में विधायक ने लिखा है कि डबवाली अग्निकांड एक बहुत बड़ी त्रासदी थी। इससे सैकड़ों लोग मौत के मुंह में समा गए थे जिसमें बच्चे व महिलाएं भी शामिल थी। लेकिन अग्निकांड पीड़ितों व उनके परिजनों से पूरी तरह न्याय नहीं हो पाया है। विधायक ने उनकी अनेक समस्याएं, आवश्यकताएं व मांगे पत्र के माध्यम से रखी है, जिनकी ओर सरकार को कदम उठाने चाहिएं।
डबवाली अग्निकांड पीड़ितों से संबंधी मांगों बारे विधायक नैना चौटाला ने लिखा है कि प्रदेश सरकार को चाहिए कि डबवाली अग्निकांड समारक को राजकीय स्मारक घोषित करे। अग्निकांड स्थल पर अग्निकांड से बचाव का प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाए। इसके अलावा अग्निकांड की हर साल बरसी पर अग्निकांड स्थल पर होने वाला सालाना श्रद्धांजलि कार्यक्रम सरकारी खर्च पर सरकारी कार्यक्रम होना चाहिए। अग्निकांड की बरसी 23 दिसंबर को अग्निशमक सुरक्षा दिवस के रूप में मनाया जाए। इसका विस्तार करते हुए साथ ही इस दिन अग्नि जागरूकता शिविर प्रदेशभर में लगाए जाने चाहिए जिसका मुख्य कार्यक्रम डबवाली में हो ताकि लोग ऐसी दुर्घटनाओं के प्रति सचेत व जागरूक हो व भविष्य में ऐसा हादसा न हो सके। इसके अलावा डबवाली के अस्पताल में बर्न यूनिट की स्थापना करने, अग्निकांड पीड़ितों व विधायक नैना चौटाला ने कहा है कि प्रदेश के सीएम मनोहर लाल से अपील की है कि इस संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए अग्निकांड पीड़ितों संबंधी सभी मांगों को तुरंत प्रभाव से पूरा करवाएं।