सिरसा। नियम 134 ए के तहत बच्चों के निजी स्कूलों में दाखिले के लिए 14 अप्रैल को हुई परीक्षा में 3740 बच्चों ने भाग लिया। इसमें 2654 बच्चे पास हुए। मंगलवार को शिक्षा विभाग ने परीक्षा में पास हुए बच्चों के लिए स्कूल अलॉटमेंट सूची लगानी थी। लेकिन विभाग ने सूची की तारीख अब 27 अप्रैल कर दी है।
इससे पहले विभाग ने नोटिस जारी कर अभिभावकों को बताया कि बच्चों का परिणाम 18 अप्रैल को ऑनलाइन घोषित किया जाएगा। लेकिन उस दिन भी विभाग तकनीकी खराबी के चलते ना ही तो एसएमएस से परिणाम दे पाया तथा ना ही मंगलवार को घोषित तिथि अनुसार बच्चों के स्कूल अलॉटमेंट की सूची जारी कर पाया। विभाग ने 19 अप्रैल को बताया कि स्कूलों की सूची 23 अप्रैल को एसएमएस के जरिए दे दी जाएगी।
मंगलवार को एसएमएस ना मिलने के कारण सभी अभिभावक बीईओ कार्यालय सिरसा पहुंचे। स्कूलों की सूची न लगने पर अभिभावकों की कर्मचारियों से जमकर बहस हुई। कर्मचारियों ने अभिभावकों को कहा कि उनके पास तो मुख्यालय से आदेश आए हैं। हमें उन्हीं की पालना करनी पड़ती है।
बच्चों की पढ़ाई हो रही बाधित
अभिभावक महेंद्र का कहना है कि हमारे बच्चे अभी तक घर बैठे हैं। जब तक शिक्षा विभाग कागजी कार्रवाई का काम पूरा करेगा, तब तक सभी स्कूलों के दाखिले बंद हो जाएंगे। वहीं अभिभावक जितेंद्र ने बताया कि हम सोमवार को भी बीईओ कार्यालय आए थे तो हमें बोला गया कि मंगलवार को एसएमएस तथा सूची के माध्यम से आपको स्कूल के बारे में बता दिया जाएगा। लेकिन विभाग ने अब आगे 27 अप्रैल को सूची देने की बात कही है। बीईओ कार्यालय में अभिभावक गगनदीप, गुरचरण, सुमन, हनुमान तथा रजनी ने बताया कि विभाग ने बच्चों तथा अभिभावकों दोनों को परेशान कर रखा है। हम सभी सुबह से यहां सूची के इंतजार में बैठे हैं। बच्चों का आधा सेमेस्टर निकलने को हो रहा है तथा इनसे अभी तक एक सूची तैयार नहीं हो रही। इससे सभी अभिभावक बहुत परेशान हैं।
अभिभावकों को समय तथा पैसे की लग रही चपत
विभाग ने ऑनलाइन प्रक्रिया की बात कहकर हमसे हर दूसरे दिन चक्कर कटवा रहा है। अभिभावकों ने बताया कि ऑनलाइन के लिए हमसे मनचाहे पैसेे लूटे गए तथा वेबसाइट भी अधिकतर समय व्यस्त रही। विभाग ने जब सिस्टम ऑनलाइन ही कर दिया तो हमें कागजात जमा करवाने, रोल नंबर लेने तथा स्कूलों की सूची के लिए भी हमें चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अभिभावकों का समय तथा पैसा खराब किया गया है।
हमें पहले मंगलवार को एसएमएस के जरिए स्कूल अलॉटमेंट की जानकारी दी गई थी। मगर सुबह जानकारी मिली की स्कूल अलॉटमेंट सूची 27 अप्रैल को एसएमएस के माध्यम से जारी की जाएगी। अभी तक सभी निजी स्कूलों ने अपनी सीटों के बारे में जानकारी दे दी है।
- धनपत राम, जिला मौलिक अधिकारी, सिरसा।