जन्मभूमि एक्सप्रेस का डबवाली में तीन मिनट का ठहराव आज से
डबवाली। वरिष्ठ भाजपा नेता देव कुमार शर्मा ने जन्मभूमि एक्सप्रेस का ठहराव डबवाली में किए जाने व श्रीगंगानगर से वाया डबवाली, डबवाली के बीच नई ट्रेन नांदेड़ एक्सप्रेस शुरू करने पर केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल व सीएम मनोहर लाल का आभार जताया है।
देव कुमार शर्मा ने कहा कि जब डबवाली से बिना रूके जन्मभूमि एक्सप्रेस डबवाली रेलवे स्टेशन से निकलती थी तो लोग हररोज यह चर्चा करते थे कि अगर डबवाली में ठहराव होता तो माता वैष्णो देवी में दर्शनों के लिए भक्तों को सुविधा रहती। इसे देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री मनोहर लाल तक यह मांग पहुंचाई। वहीं, श्री हजूर साहिब के दर्शनार्थ जाने वाले इलाके के श्रद्धालुओं की मांग पर श्रीगंगानगर नांदेड़ एक्सप्रेस ट्रेन चलाने की ओर भी मुख्यमंत्री का ध्यान लाया गया। इस पर मुख्यमंत्री ने रेल मंत्री पीयूष गोयल के माध्यम से इलाके के लोगों की दोनों मांगें पूरी करते हुए यात्रियों को ऐतिहासिक तोहफा दिया है। इन ट्रेनों के शुरू होने से वैष्णों देवी एवं श्री हजूर साहिब जाने वाले श्रद्धालुओं को एक बड़ी सुविधा मिली है। देव कुमार शर्मा ने कहा कि सोमवार सुबह जन्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन का पहली बार डबवाली में ठहराव होने पर शहर के लोग स्वागत करेंगे।
हर सोमवार को सुबह 4 बजकर 36 मिनट पर डबवाली आएगी
जन्मभूमि एक्सप्रेस ट्रेन (19107) हर हफ्ते सोमवार से सुबह 4.36 बजे डबवाली आएगी व सुबह 4.39 बजे रवाना होगी। ट्रेन की वापिसी (19108) मंगलवार को होगी। इस दिन सुबह 8.45 बजे ट्रेन डबवाली आएगी व 8.48 पर अहमदाबाद के लिए यहां से रवाना होगी। वहीं, श्रीगंगानगर-नांदेड़ एक्सप्रेस ट्रेन (12440) 31 मई से शुरू होगी और हफ्ते में एक दिन हर शुक्रवार को चलेगी। इसके तहत यह नई ट्रेन हर शुक्रवार को श्रीगंगानगर से चलकर दोपहर 3.35 बजे डबवाली आएगी व 3.37 पर नांदेड़ के लिए रवाना होगी। हर रविवार को नांदेड़ से वापिसी (12439) में रात्रि 8.58 बजे डबवाली आएगी व 9 बजे श्रीगंगानगर के लिए रवाना हो जाएगी।