अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। युवा भाजपा नेता गोकुल सेतिया ने कहा कि बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि सिरसा के हितों के लिए दिया जा रहा अनिश्चितकालीन धरना राजनीति की भेंट चढ़ रहा है। इस धरने को अन्य राजनीतिक दल के नेता तो समर्थन दे रहे हैं, क्योंकि वह सिरसा का हित चाहते हैं, मगर भाजपा के नेता इस धरने को समर्थन देने में स्वयं की नाक कटना महसूस करते हैं।
गोकुल सेतिया धरने के आठवें दिन धरनास्थल पर एक महापंचायत को संबोधित कर रहे थे। गोकुल ने कहा कि मैं खुद के हित के लिए इस धरने पर नहीं बैठा हूं। अगर कोई अन्य भाजपा नेता या कोई ओर नेता समझता है कि वह मुख्यमंत्री को बुलाने में सक्षम हैं, तो बेशक बुला लें, मैं उसे भी समर्थन दूंगा। मैं केवल सिरसा की हक की मांग कर रहा हूं और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भी इसे स्वीकार करते हुए सिरसा आना चाहिए। गोकुल ने बताया कि बहुत ही चिंता की बात है कि आज सिरसा में किसानों को पानी नहीं मिल पा रहा है। बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। युवा पीढ़ी नशे के दलदल में फंसती जा रही है। ऐसे में अगर हम चाहते हैं कि मुख्यमंत्री इस संबंध में कदम उठाएं, तो क्या गलत है। गोकुल ने कहा कि हम बोनस में कुछ नहीं मांग रहे, बल्कि सिरसा का हक मांग रहे हैं, जो सिरसा को मिलना चाहिए।