फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बेटी पैदा होते ही बधाई पत्र, लाडो के नाम की प्लेट, गिफ्ट किट लेकर पहुंच जाएंगे अधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

सिरसा।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग के सौजन्य से वीरवार को स्थानीय सीएमके कॉलेज के ऑडिटोरियम में ‘आपकी लाडो है हरियाणा की शान’ समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने सरस्वती मां के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ नन्ही बच्ची चाहत गोयल ने गणेश वंदना प्रस्तुत कर किया। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अभिभावक आदि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रभजोत सिंह ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा ‘आपकी लाडो है हरियाणा की शान’ कार्यक्रम की पहल की है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत इस कार्यक्रम के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा द्वारा फेसबुक, ट्विटर तथा व्हॉट्सएप ग्रुप बनाए गए हैं, जिसके तहत जिस गांव में जिस घर में बेटी पैदा होगी उसकी सूचना उपरोक्त फेसबुक, ट्विटर, व्हॉट्सएप ग्रुप तथा महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की वेबसाइट पर डाल दी जाएगी और विभाग द्वारा ‘आपकी लाडो है हरियाणा की शान’ बधाई पत्र, लाडो के नाम की प्लेट, गिफ्ट किट, जिसमें बच्ची के कपड़े, डायपर, साबुन तथा मां के लिए बादाम और किशमिश बेटी के घर भेजी जाएगी। इसी पहल के तहत जिला के गांव खैरेकां में अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल, सीएमजीजीए प्रियंका सिन्हा तथा कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. दर्शना सिंह, गांव रसुलपुर में नगराधीश डॉ. वेद प्रकाश बेनीवाल तथा सीडीपीओ वीरपाल कौर, संजय कॉलोनी सिरसा में एसडीएम डबवाली रानी नागर और सीडीपीओ कविता ने उपरोक्त चीजें पैदा हुई बेटियों के घर जाकर वितरित की।
विज्ञापन


सास और मां बहु और बेटी को दें अच्छा पोषक पदार्थ
उपायुक्त ने कहा कि इस प्रकार की पहल से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत लिंगानुपात में वृद्धि होगी और लोग बेटी बचाने व पढ़ाने के लिए जागरूक होंगे। उपायुक्त ने महिलाओं से कहा कि हरियाणा की कहावत है कि ‘देशां मे देश हरियाणा, जित दूध दही का खाणा’ प्रसिद्ध है। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे जो महिला सास है या मां है वे अपनी बहु व बेटी को अच्छा पोषक पदार्थ दें, ताकि बहु और बेटियों की होने वाली संतान भी स्वस्थ हो। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान सरकार ही नहीं बल्कि हम सबका अभियान है।

लिंगानुपात में हुआ सुधार
उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चे तीन साल के बाद आते हैं, शून्य से दो वर्ष तक की आयु के बच्चों में पूरा दिमाग होता है इस आयु में भी बच्चों को अच्छा पोषक पदार्थ दें। उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे पंचायती राज संस्थाओं में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें तथा आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में महिला सरपंच ही भाग लें, उनके प्रतिनिधि व पति भाग न लें। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान शुरू किया गया, उस समय जिले का लिंगानुपात कम था, लेकिन बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत अब सिरसा जिला का लिंगानुपात 930 है, इसमें और अधिक सुधार कर 950 तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या करने वाले या करवाने वाले तथा संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति के बारे में सूचना दें तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।

हॉकी खिलाड़ी ने दिलाई शपथ
इस अवसर पर हॉकी टीम की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी सविता पुनियां ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत संबोधित करते हुए कहा कि बेटियां भी बेटों से कम नहीं है। आज हर क्षेत्र में बेटियों ने देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस मौके पर भ्रूण परीक्षण न करने और करवाने तथा अपने परिवार व रिश्तेदार पर इसके लिए दबाव डालने, बेटियों को पढ़ने और पढ़ाने में पूर्ण सहयोग देने में तथा कन्या भ्रूण हत्या में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति की सूचना पुलिस तक पहुंचाने की शपथ दिलवाई।

परिवर्तन लाने के लिए जागृति जरूरी
अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि समाज में जो परिवर्तन आते हैं वे अपने आप नहीं आते, इसके लिए कुछ करना पड़ता है। आजकल महिलाओं की शिक्षा को अधिक महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन लाने के लिए जागृति जरूरी है और जागृति पैदा करने के लिए रुचि होनी चाहिए। सीएमजीजीए प्रियंका सिन्हा ने कहा कि बेटियों को शिक्षित करें और समाज में फैल रही बुराइयों को दूर करने में सहयोग करें तभी हमारा समाज उन्नति के पथ पर अग्रसर हो सकता है। उप पुलिस अधीक्षक अजय शर्मा ने कहा कि बेटियों से छेड़छाड़ के मामलों को रोकने के लिए महिला पीसीआर तैनात की गई है जो शहर में गश्त करती रहती है। उन्होंने कहा कि भ्रूण हत्या में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्ति के बारे में किसी प्रकार की सूचना हो तो वे हेल्प लाइन नंबर 1091 तथा 8813801091 पर दे सकते हैं।
विज्ञापन

इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. बुधराम, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी प्रीतपाल सिंह, कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग डॉ. दर्शना सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी यज्ञदत्त वर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी डॉ. गुरप्रीत कौर ने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सरला देवी ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ पर गीत तथा चाहत गोयल ने नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में एसडीएम डबवाली रानी नागर, सरपंच एसोसिएशन के प्रधान आत्माराम, महेंद्र पूनियां, विभिन्न गांवों के सरपंच, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीडीपीओ और सुपरवाईजर तथा भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें