पंचकूला एसआईटी ने सिरसा में डाला डेरा
डेरा जाकर चेयरपर्सन विपसना से की पूछताछ, वांटेड आदित्य और पवन इंसा के घर चस्पा किया नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
पंचकूला हिंसा मामले की जांच कर रही पंचकूला एसआईटी की टीम ने सिरसा में डेरा डाल दिया है। एसआईटी के इंस्पेक्टर अशोक कुमार के नेतृत्व में सिरसा पहुंची टीम सोमवार सुबह उपस्थित दर्ज करवाने शहर थाना में पहुंची। इसके बाद पंचकूला एसआईटी की टीम डेरा सच्चा सौदा रवाना हो गई।
एसआईटी की टीम ने डेरा सच्चा सौदा जाकर चेयरपर्सन विपसना इंसां से पूछताछ की। एसआईटी ने हिंसा मामले के सूत्रधार फरार वांटेड आदित्य इंसां और पवन इंसां के बारे में विपसना से पूछा। इसके बाद एसआईटी की टीम आदित्य और पवन इंसां के घरों में जाकर नोटिस चस्पा किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार 25 अगस्त को पंचकूला हिंसा में शामिल रहे कई संदिग्धों लोगों के ठिकाने डेरा सच्चा सौदा के आसपास हैं। इसलिए एसआईटी उन्हें नोटिस देकर पूछताछ में शामिल करना चाहती है। इसी सिलसिले में चार दिन पहले से ही एसआईटी की टीम ने सिरसा में डेरा डाल दिया था। डेरा मुख्यालय में आयोजित नामचर्चा में शामिल डेरा प्रेमियों पर एसआईटी की टीम खुफिया तौर पर नजर रखे हुए थे। पंचकूला हिंसा में शामिल कुछ संदिग्धों की वीडियो फुटेज भी एसआईटी के पास हैं। फुटेज के आधार पर एसआईटी उक्त लोगों की पहचान करने में जुटी रही। पुलिस सूत्रों के अनुसार एसआईटी की टीम अभी कुछ दिन ओर सिरसा में ही डेरा डालकर हिंसा मामले की जांच करेगी।