चांदनी चौक पर दुकानदारों और नप कर्मचारियों में धक्का मुक्की, विरोध में उतरे दुकानदार
सिरसा। नगरपरिषद ने मंगलवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रखा, लेकिन दूसरे दिन भी दुकानदारों और अतिक्रमण हटाओ दस्ते बीच धक्का मुक्की हुई। इस धक्का मुक्की में एक दुकानदार गिर भी पड़ा। हालांकि उसे चोट नहीं आई। पिछले दस दिनों से चल रहे अतिक्रमण अभियान का दुकानदार विरोध करने लग गए है। बता दे कि सोमवार को भी परशुराम चौक के पास दस्ते और एक फ्रूट संचालक के बीच धक्का मुक्की हुई थी।
मंगलवार को विभिन्न बाजारों से होकर जब नगरपरिषद का अतिक्रमण हटाओ दस्ता जब चांदनी चौक पर पहुंचा तो एक लोहे की दुकान के बाहर रखे सामान को दस्ते ने उठाना शुरू कर दिया। इस पर दुकानदारों ने कहा कि नगरपरिषद ने हमें दुकान के बाहर तीन फुट तक सामान बाहर रखने की अनुमति दी हुई है। संचालक ने कहा कि आप लोगों ने सामान बाहर कैसे उठा लिया। इस पर आसपड़ोस के दुकानदार भी इक्ट्ठा हो गए। सीएसआई ने कहा कि नप ने किसी भी दुकानदार को तीन फुट तक सामान रखने की कोई छूट नहीं दी। दुकानदारों और नगरपरिषद के दस्ते के बीच तू तू मैं मैं के बाद धक्का मुक्की हो गई। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को धक्के दिए। जिसमें कि एक दुकानदार गिर पड़ा। हालांकि उसे चोट नहीं आई। दुकानदारों ने दस्ते को सामान उठाने नहीं दिया। इसके बाद नप का दस्ता टे्क्टर ट्राली लेकर आगे चल दिया। लेकिन दुकानदार इक्ट्ठा होकर पीछे आ गए और उन्होंने फिर से ट्राली में कुछ रखा सामान निकालना शुरू कर दिया। तब पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने दुकानदारों को सामान उतारने नहीं दिया। तब जाकर दुकानदार शांत हुए। चांदनी चौक और हिसारिया बाजार के बीच नगरपरिषद के अतिक्रमण हटाओ दस्ते और दुकानदारों के बीच बहसबाजी हुई। वहीं एक अन्य दुकानदार ने होर्डिंग उतारने पर जोर जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया। उसने कर्मचारी से होर्डिंग छीनने का प्रयास किया। इस पर सीएसआई देवेंद्र बिश्नोई ने कहा कि जोर से चिल्लाने से कुछ नहीं होगा। दुकानदार ने चिल्लाते हुए कहा कि तुम हमारा होर्डिंग्स उठाकर कैसे ले जा सकते हैं। हमने इसे लगाने के लिए रखा हैं और अपनी दुकान के आगे लगा रहे हैं कहीं ओर तो नहीं।
बीते दिन परशुराम चौक के पास हुआ था झगड़ा
सोमवार को नगरपरिषद के दस्ते और परशुराम चौक स्थित एक फ्रूट संचालक के बीच सामान बाहर रखने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों में धक्का मुक्की हुई। हालांकि पुलिस के आने के बाद दुकानदार शांत हुआ।
प्रशासन के आदेश पर रोज चलेगा अभियान
प्रशासन के शहर को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश है। किसी को भी तीन फुट सामान रखने की छूट नहीं दी। दुकानदारों से अनुरोध है कि वे अपना सामान अंदर रखें, जिससे कि अभियान में दिक्कत न आए।
देवेंद्र बिश्नोई, चीफ सेनेटरी इंस्पेक्टर, नगरपरिषद सिरसा।