सिरसा। सिरसा ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए पोस्टल चालान का नया नियम लागू किया है। इस नियम के तहत पार्किंग व्यवस्था के अनुरूप वाहन ना मिलने पर सिरसा ट्रैफिक पुलिस वाहन की फोटो खींच कर उसके पत्ते पर भेज देगी और उसे नो पार्किंग के चालान का भुगतान करना होगा।
ट्रैफिक एसएचओ बहादुर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कोई भी वाहन अगर नो पार्किंग जोन में मिला उसका पोस्टल चालान कर दिया जाएगा। यह चालान वाहन के मालिक के पास डाक के द्वारा भेजा जाएगा और उसको अपने नजदीकी आरटीओ कार्यालय में चालान का भुगतान करना पड़ेगा। इसके कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा। ट्रैफिक पुलिस ने बीते दिनों बाजार में पीली पट्टी खींच कर व्यवस्था में सुधार करने की कोशिश की थी। लेकिन एसएचओ ने बताया कि लोगों ने नियमों का पालन ना करके बाजारों में जाम की स्थिति बना दी है। जिस कारण से ट्रैफिक पुलिस को पोस्टल चालान अभियान की शुरूआत करनी पड़ी। इसके जरिए अगर कोई भी चालक अपना वाहन बाजार या फिर कहीं बीच रस्ते में खड़ा करता है तो चालक से बात ना करके उसकी गाड़ी की उसी स्थिति में फोटो ली जाएगी तथा चालकों अथवा वाहन के मालिकों को भेजी जाएगी। इससे शहर में जाम की स्थिति में सुधार आएगा।