सिरसा। जिला की नाथूसरी चोपटा थाना पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान गांव नेजिया खेड़ा क्षेत्र से 54 ग्राम 80 मिली ग्राम हेरोइन, 8 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त व 70 नशीली प्रतिबंधित गोलियों के साथ कार सवार युवक को काबू किया है। पकड़े गए युवक की पहचान हनुमान निवासी नेजिया खेड़ा के रुप में हुई है।
पुलिस ने पकड़े गए युवक से सप्लायर के बारे में नाम पता मालूम कर इस संबंध मे दो लोगों के खिलाफ थाना नाथूसरी चोपटा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सप्लायर की तलाश शुरू कर दी है। नाथूसरी चोपटा थाना प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि चोपटा थाना पुलिस के सहायक उप निरीक्षक बजिन्द्र सिंह के नेतृत्व में एक पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव नेजिया खेड़ा क्षेत्र में मौजूद थी।
इस दौरान सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार युवक ने पुलिस पार्टी को देखकर वापस मुड़कर भागने के कोशिश की। शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 54 ग्राम 80 मिली ग्राम हेरोइन, 8 किलो 800 ग्राम डोडा पोस्त व 70 ट्रामाडोल नशीली प्रतिबंधित गोलियों बरामद हुई। पकड़े गये युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।