- जच्चा-बच्चा को एक ही छत के नीचे मिलेंगी आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं
- 100 बेड क्षमता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने जारी किया ई-टेंडर
- वर्क अलॉट होने के बाद दो साल में पूरा करना होगा निर्माण कार्य
फोटो -
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिला नागरिक अस्पताल में 100 बेड वाले मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य (एमसीएच) विंग के निर्माण का रास्ता अब साफ हो गया है। यह परियोजना करीब सात साल से लंबित थी। भवन के डिजाइन और तकनीकी पहलुओं को मंजूरी मिल चुकी है।
लोक निर्माण विभाग ने इसके निर्माण के लिए 15 करोड़ 50 लाख 22 हजार 60 रुपये का ई-टेंडर जारी किया है। नए भवन के तैयार होने से गर्भवती महिलाओं, प्रसूताओं और नवजात शिशुओं को बेहतर व आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कमलदीप सिंह राणा ने बताया कि एमसीएच विंग का निर्माण उनकी देखरेख में होगा। निर्माण कार्य का वर्क अलॉट होने की तारीख से संबंधित एजेंसी को दो वर्ष के भीतर भवन तैयार करके विभाग को सौंपना होगा।
टेंडर प्रक्रिया के तहत तकनीकी व वित्तीय मूल्यांकन पूरा होने के बाद निर्माण एजेंसी का चयन होगा। इसके उपरांत मौके पर नींव की खुदाई सहित निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने सिरसा दौरे पर 200 बेड वाले अस्पताल की घोषणा की थी। इसके बाद एनएचएम हरियाणा पंचकूला के मिशन डायरेक्टर ने 100 बेड वाले एमसीएच विंग को मंजूरी दी।
इसके लिए करीब तीन साल पहले पहली किस्त के रूप में छह करोड़ रुपये भी जारी किए गए थे। हालांकि, अस्पताल परिसर में उपयुक्त जगह उपलब्ध न होने के कारण परियोजना लंबे समय तक आगे नहीं बढ़ पाई थी।
वर्तमान में जिला नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं। अस्पताल में उपलब्ध 100 बिस्तरों की क्षमता मरीजों की संख्या के मुकाबले कम पड़ रही है। सबसे अधिक दबाव प्रसूता वार्ड पर है जहां प्रतिदिन करीब 190 ओपीडी होती हैं।
यहां 25 से अधिक महिलाओं की डिलीवरी होती हैं। सामान्य प्रसव के बाद महिला को 72 घंटे और सिजेरियन ऑपरेशन के बाद करीब पांच दिन तक अस्पताल में भर्ती रखना जरूरी होता है।
इसके बावजूद मौजूदा प्रसूता वार्ड में केवल 30 बिस्तरों की व्यवस्था है। नए एमसीएच विंग के निर्माण से अस्पताल पर मौजूदा दबाव कम होगा और प्रसूता एवं नवजात शिशु देखभाल व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार
100 बेड वाले नए एमसीएच विंग में कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की योजना है। इनमें गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच और सुरक्षित प्रसव शामिल हैं। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के उपचार की सुविधा भी मिलेगी। ऑपरेशन थिएटर और नवजात शिशुओं के लिए विशेष नवजात शिशु देखभाल इकाई (एसएनसीयू) जैसी सुविधाएं होंगी। इससे गर्भावस्था से लेकर प्रसव और जन्म के बाद नवजात शिशु की देखभाल तक की सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी। यह विस्तार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करेगा। मरीजों को बेहतर देखभाल मिल पाएगी।
रेफरल मामलों में कमी और मरीजों को राहत
वर्तमान में गंभीर स्थिति वाले गर्भवती मरीजों और नवजात शिशुओं को बेहतर उपचार के लिए रेफर करना पड़ता है। उन्हें कई बार अग्रोहा मेडिकल कॉलेज या निजी अस्पतालों में भेजा जाता है। एमसीएच विंग शुरू होने के बाद ऐसे रेफरल मामलों में कमी आने की उम्मीद है। इससे न केवल मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा। बल्कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भी निजी अस्पतालों में इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च से राहत मिलेगी। यह नई सुविधा स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच में सुधार होगा।