सिरसा। लोन दिलाने के नाम पर एक व्यक्ति ने 1.54 लाख रुपये की ठगी की। पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में जेजे कॉलोनी सिरसा निवासी विपिन यादव ने बताया है कि शेरसिंह फाइनेंस कंपनी की ओर से हर तरह के लोन देने के लिए रिक्शा पर मुनादी करवाई जा रही थी।
फाइनेंस कंपनी के पर्चे बांटे जा रहे थे। उसे प्लॉट लेना था, जिसके लिए लोन की जरूरत थी। उसने फाइनेंस कंपनी से संपर्क किया, जिसका पता चतरगढ़पट्टी नजदीक रेलवे फाटक के पास है। वहां पर सरोज नगर लुधियाना निवासी हरमनप्रीत सिंह मिला। उसने दस्तावेज और 3.25 लाख रुपये के लोन के लिए जानकारी दी। उसने लोन के लिए सहमति जताई।
इसके बाद उक्त व्यक्ति ने लोन की फाइल के लिए तीन हजार रुपये उससे तीन जून को ले लिए। उक्त व्यक्ति ने कहा कि आपको बैंक खाते में एक लाख रुपये रखने होंगे। 13 जून को उसने किसी रिश्तेदार से एक लाख रुपये अपने खाते में जमा करवाए। पीड़ित का कहना है कि उसने उक्त व्यक्ति को एसबीआई के तीन चेक दिए थे। 13 जून को उसके फोन पर मैसेज आया कि 1.12 लाख की राशि आपके अकाउंट से निकाली गई है। इसके बाद 17 जून को 29 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया।