अमर उजाला ब्यूरो
ऐलनाबाद। पुलवामा हमले के बाद भारत-पाकि सीमा पर तनाव के बीच गुरुवार सुबह नजदीकी गांव संतनगर में ड्रोन कैमरा उड़ाने से भय का माहौल बन गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। ऐलनाबाद डीएसपी जगदीश काजला, जीवननगर चौंकी इंचार्ज प्रदीप कुमार, रानियां थाना प्रभारी कुलदीप सिंह मौके पर पहुंचे।
बता दें कि पुलिस ने ड्रोन कैमरे को कब्जे में ले लिया है। ड्रोन कैमरा गांव के ऊपर चक्कर लगा रहा था, जिसके कारण लोगों में डर की स्थिती बनी हुई थी। डीएसपी ऐलनाबाद जगदीश काजला ने बताया कि फिलहाल कोई खतरे वाली बात नहीं है। जांच में पता चला है कि उक्त कैमरा गांव के ही एक एनआरआई का है। वह आस्ट्रेलिया में रहता है। किसी शादी में शिरकत करने के लिए अपने गांव आया हुआ है। यह कैमरा वह आस्ट्रेलिया से खरीदकर लाया है। गुरुवार को उसने जैसे ही गांव के ऊपर ड्रोन चलाया तो गांव में अफवाह फैलने के कारण भय का माहौल बन गया। पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही, ड्रोन को कब्जे में लेकर छानबीन की जा रहा है।
क्षेत्र में पहले मिले थे पाकिस्तान नाम के गुब्बारे
गांव से मात्र 35 किलोमीटर के बाद राजस्थान की सीमा आरंभ हो जाती है और उसके बाद करीब 120 किलोमीटर दूर पाकिस्तान की सीमा है। इससे पहले भी इसी गांव के समीप केहरवाला के पास आई लव यू पाकिस्तान व पाकिस्तान जिंदाबाद लिखे गए गुब्बारे मिले थे जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच की थी। लेकिन अब इस घटना के बाद पुलिस के साथ-साथ पूरा प्रशासन हरकत में है ।
ड्रोन कैमरों, ग्लाइड्रर्स व पतंगबाजी पर प्रशासन सख्त
भारत-पाकिस्तान विवाद के चलते पुलिस प्रशासन ने वैवाहिक समारोह व अन्य कार्यक्रमों में ड्रोन कैमरे, ग्लाइड्रर्स, पतंगबाजी के प्रयोग को लेकर हिदायत जारी करते हुए कहा है कि बगैर किसी अनुमति के उक्त चीजों का प्रयोग किसी भी सूरत में न करें। इन हिदायतों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिला पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से इस संबंध में सहयोग की अपील भी की गई है।